निगम अधिकारियों ने बगरू वालों के रास्ता, चार दरवाजा, गोपीनाथ मार्ग व शास्त्री नगर में निर्माणाधीन इन भवनों को सील किया है।
जयपुर। नगर निगम ने बुधवार को किशनपोल जोन में अवैध निर्माण करने पर 4 भवनों को सील कर दिया। निगम अधिकारियों ने बगरू वालों के रास्ता, चार दरवाजा, गोपीनाथ मार्ग व शास्त्री नगर में निर्माणाधीन इन भवनों को सील किया है। इसके साथ ही मनिहारों का रास्ते में सरकारी जमीन पर लकड़ी के अस्थाई निर्माण को भी हटाया।
जोन के राजस्व अधिकारियों ने शास्त्री नगर क्षेत्र में टैगोर स्कूल के पास स्थित मकान संख्या ए-15ए में बिना अनुमति ग्राउंड फ्लोर के साथ दो मंजिला निर्माण करने पर भवन को सील किया। चांदपोल के बगरू वालों के रास्ता पर स्थित मकान संख्या 950 में किए गए ग्राउंड फ्लोर के साथ तीन मंजिला निर्माण को सील कर दिया। चार दरवाजा स्थित जियाउद्दीन कॉलोनी में मकान संख्या 213 में ग्राउंड फ्लोर के साथ दो मंजिला निर्माण को सील कर दिया। इसके अलावा गोपीनाथ मार्ग पर मकान नंबर 2 में निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन को सील किया। किशनपोल जोन उपायुक्त विजेंद्र सिंह ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध निर्माणों की शिकायत मिल रही थी। ऐसे में अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन कर किए गए अवैध निर्माणों को चिन्हित कर यह कार्रवाई की गई है।
यहां भी कार्रवाई
मनिहारों का रास्ते में सरकारी भूमि पर लकड़ी के अस्थाई निर्माण को हटाया गया। गोविंद रावजी का रास्ता में मंदिर के पीछे बनी अवैध दीवार और अस्थाई अतिक्रमण को हटया गया।