
सील बंद नीलामी में आवास खरीदने वाले भी कर सकेंगे किश्तों में भुगतान
- हाउसिंग बोर्ड का निर्णय: कोविड से प्रभावित लोगों के लिए राहत
जयपुर। राजस्थान आवासन मंडल (हाउसिंग बोर्ड) (Rajasthan Housing Board) से सील बंद नीलामी (Auction) में आवास खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। सील बंद नीलामी में आवास खरीदने वाले ऐसे लोग, जो कोविड-19 (COVID-19) के चलते नगद भुगतान नहीं कर पाए वे अब किश्तों में राशि जमा करा सकेंगे। आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने इसके आदेश जारी किए है। हालांकि किश्तों में राशि जमा कराने का फायदा उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिन्हें हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष छूट देंगे। इसके लिए ऐसे आवंटियों को पहले आवेदन करना होगा।
आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की ओर से जुलाई 2019 के बाद जो मकान खुली बिक्री योजना या बुधवार नीलामी के तहत सील बंद नीलामी के माध्यम से बेची है, उनके आवंटी या खरीददार कोरोना के चलते उत्पन संकट से एक मुश्त भुगतान नहीं कर पा रहे है, वे 156 मासिक किश्त योजना के तहत किश्तों में भुगतान कर सकते है। हालांकि इसमें खुली नीलामी के तहत खरीदी गई प्रीमियम संपत्तियां शामिल नहीं होंगी। वहीं किश्तों में राशि जमा कराने का फायदा भी उन्हीं लोगों को मिलेगा, जो वाकई कोविड से प्रभावित हुए है, उन्हें हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ही छूट देंगे। इसके लिए ऐसे आवंटियों को आवेदन करना होगा।