जयपुर

दिन में धूप की चुभन, सुबह शाम में तीखे रहे सर्दी के तेवर, पारे में गिरावट के साथ फिर सर्दी के पलटवार की उम्मीद

राज्य में दिन के तापमान में हुई बढ़ोतरी, रात में नर्म हुए सर्दी के तेवर, राजधानी में बीती रात दक्षिण पूर्वी हवा के असर से तापमान में हुई आंशिक कमी
2 min read
• •
Updated: 27 Jan 2018, 12:22 PM IST
 Weather update in Rajasthan Temperature rise again in Jaipur Current Weather update

जयपुर। राजधानी में सर्दी के तेवर नर्म होते ही दिन में धूप की चुभन सताने लगी है। जनवरी का महीना खत्म होने को आया है इसी के साथ मौसम के मिजाज में आए बदलाव के साथ ही दोपहर में धूप सुहा नहीं रही है। प्रदेश में उत्तरी इलाकों को छोड़कर शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहने पर सर्दी के तेवर नर्म पड़ने लगे हैं। हालांकि सुबह शाम में सर्द हवा के कारण सर्दी महसूस हो रही है वहीं दिन में धूप की तपिश से मौसम में बढ़ रही गर्माहट के कारण गर्म कपड़े उतरने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 48 घंटे मौसम में गर्माहट बढ़ने पर मौसम शुष्क रहेगा। वहीं इसके बाद हिमालय तराई क्षेत्र में एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में अगले सप्ताह की शुरूआत में फिर सर्दी का पलटवार होने की उम्मीद है।

सीकर के फतेहपुर में बीती रात के तापमान में गिरावट आई और न्यूनतम तापमान आज 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। राजधानी में बीती रात दक्षिण पूर्वी हवाएं बहने पर रात में सर्दी का जोर रहा। वहीं आज सुबह छितराए बादलों की आवाजाही रही और आज सुबह करीब आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरवाई हवा चलने पर सुबह के समय सर्दी के तीखे तेवर महसूस हुए। शहर में आज सुबह छह बजे दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।सूर्योदय के बाद गुनगुनी धूप से मौसम में गर्माहट बढ़ी और सुबह नौ बजे शहर का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में अगले चौबीस घंटे में छितराए बादलों की आवाजाही रहने व दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने पर दिन में मौसम शुष्क रहेगा वहीं रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने से रात में सर्दी के तेवर नर्म रहने की संभावना है।

जयपुर तापमान -

आज सुबह नौ बजे— 17 डिग्री सेल्सियस

आज दोपहर 12 बजे— 23डिग्री सेल्सियस

सूर्यास्त आज शाम— 6.05 बजे

सूर्योदय कल सुबह— 07.14 बजे

चंद्रोदय आज दोपहर— 01.57 बजे

चंद्रास्त कल सुबह — 03.43 बजे

Published on: