
मेंगलूरु। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) तकनीक के तेजी से विस्तार के बीच कर्नाटक सरकार मेंगलूरु में सुस्थिर डेटा सेंटर विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए तन्नीरुभावी क्षेत्र में करीब 49 एकड़ सरकारी जमीन चिह्नित की गई है। राज्य के गृह एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि डेटा सेंटर के लिए भूमि बैंक तैयार किया जाएगा और निवेशकों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने इसे देश में अपनी तरह की पहली परियोजना बताया।
डेटा सेंटर के लिए संभावित स्थल का निरीक्षण करने तन्नीरुभावी पहुंचे मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि एआइ तकनीक के विस्तार के साथ डेटा सेंटर की मांग तेजी से बढ़ रही है। राज्य सरकार चाहती है कि बेंगलूरु के अलावा मेंगलूरु सहित दूसरे क्षेत्रों में भी निवेश पहुंचे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और तटीय क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि तन्नीरुभावी में लगभग 49 एकड़ सरकारी जमीन की पहचान की गई है। इसके अलावा अन्य सरकारी जमीन भी चिह्नित की जाएगी। परियोजना से संबंधित जानकारी को सार्वजनिक करने के लिए श्वेतपत्र जारी करने की योजना है। डेटा सेंटर के लिए जरूरी बिजली, सडक़ और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर मेंगलूरु महानगर निगम तथा जिला प्रशासन के साथ बैठक कर काम में तेजी लाई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि निवेश को बढ़ावा देते समय पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। मेंगलूरु, उडुपी और मणिपाल क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए पांच वर्ष का लक्ष्य रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। तटीय क्षेत्र की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मरीन टेक नीति तैयार करने की भी बात कही गई।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद्मराज पूजारी और केपीसीसी सचिव इनायत अली सहित अन्य नेता मौजूद थे।
उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य बनाने संबंधी बालचंद्र जारकीहोली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा कि राज्य का एकीकरण काफी संघर्ष के बाद हुआ है। राज्य को बांटने के बजाय सभी को मिलकर विकास के लिए काम करना चाहिए। यदि क्षेत्र को विशेष पैकेज की जरूरत है तो केंद्र सरकार से इसकी मांग करनी चाहिए।