
जितेन्द्र रांगेय / जयपुर। सेंट्रल पार्क में जैन नर्सिया में रविवार रात विवाह-समारोह के दौरान दुल्हा-दुल्हन की डेकोरेट कार ही चोर चोरी कर ले गए। सूचना पर अशोक नगर थाना पुलिस ने नाकाबंदी भी कराई, लेकिन कार व चोर का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बताया कि शांतिकुंज अलवर निवासी पारसमल जैन निजी कंपनी में कार्यरत है। रविवार को उनके बेटे नीरज जैन का विवाह-समारोह का कार्यक्रम जैन नर्सिया में चल रहा था। रात करीब साढ़े 8 बजे चालक कार को डेकोरेट करवाकर विवाह-स्थल के बाहर पार्क कर खाना खाने अंदर चला गया। पीछे से चोर कार को चोरी कर ले गए। करीब आधे घंटे बाद चालक ने कार को संभाला, तो कार गायब मिली।
रवानगी की थी तैयारी
पीडि़त पारसमल जैन ने बताया कि रात करीब सवा 9 बजे दुल्हा नीरज व दुल्हन नेहा जैन की अलवर के लिए रवानगी लेनी थी। दुल्हा-दुल्हन की डेकोरेट कराई गई कार के गायब होने का पता चलने पर समारोह-स्थल में हड़कम्प मच गया। चालक ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दुल्हा-दुल्हन की डेकोरेट कार चोरी की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनाक्रम का जायजा लेकर तुरंत शहरभर में नाकाबंदी कराई।
बिना डेकोरेट कार से पहुंचे अलवर
देर रात करीब 11 बजे पीडि़त पारसमल जैन थाने पहुंचे और कार चोरी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, जिसके बाद पारसमल जैन परिवार के साथ वापस विवाह-स्थल पहुंच गए। सोमवार सुबह करीब सवा 4 बजे बड़े भाई की बिना डेकोरेट आई कार से दुल्हा-दुल्हन को अलवर के लिए रवाना किया गया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगालने के साथ चोरी गई कार व चोर की तलाश कर रही है।
ईंटों पर खड़ी की कार, चुराए चारों टायर
श्याम नगर क्षेत्र में चोर कार को ईंटों पर खड़ी कर चारों टायर खोलकर ले गए। पुलिस ने बताया कि निर्माण नगर निवासी ब्रिजेश पलसानिया ने मामला दर्ज कराया है। इसके मुताबिक शनिवार रात को उसने कार घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह देखा तो कार के चारों टायर गायब थे।