जयपुर

पहले दोस्त की पत्नी का बलात्कार, फिर दिल्ली में IRS की बेटी का घोंटा गला, होटल से पकड़ा गया हाई प्रोफाइल केस का आरोपी

IRS Daughter Murder: दिल्ली के पॉश इलाके में आइआरएस अधिकारी की बेटी की हुई हत्या के मामले में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने दिल्ली पहुंचने से पहले अलवर में दोस्त की पत्नी के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया था।

2 min read
Apr 23, 2026
IRS daughter murder
गिरफ्तार आरोपी (फोटो-सोशल मीडिया)

जयपुर। राजधानी दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी के साथ बलात्कार और हत्या के आरोपी को दिल्ली पुलिस ने द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली में हुई हत्या का मामला प्रकाश में आने के बाद एक और मामला सामने आया है। अब अलवर में आरोपी की दोस्त की पत्नी ने बलात्कार का केस दर्ज कराया है। इसके पहले दिल्ली पुलिस आरोपी राहुल मीणा की तलाश में अलवर पहुंची थी।

दरअसल, आरोपी राहुल मीणा ने बुधवार को दिल्ली में अधिकारी की बेटी के साथ जघन्य अपराध को अंजाम देने से पहले मंगलवार रात को अलवर में एक विवाहिता के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया था। दिल्ली की घटना सामने आने के बाद बुधवार को अलवर निवासी पीड़िता ने भी राहुल मीणा के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज कराया है।

यह वीडियो भी देखें :

रात में दोस्त की पत्नी के साथ किया बलात्कार

अलवर की रेप पीड़िता ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा और उसके पति दोस्त हैं। मंगलवार की शाम को दोनों किसी शादी कार्यक्रम में गए थे। किसी वजह से उनके पति वहीं शादी में ही रुक गए, लेकिन राहुल मीणा पीड़िता के घर में आ गया। रात को उसने महिला के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।

गेम खेलने का आदी है आरोपी

महिला की तरफ से रिपोर्ट देने के बाद अलवर पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं जांच राजगढ़ पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी है। मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल मीणा ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और रेप पीड़िता का पति भी ऑनलाइन गेम खेलता था।

राजगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी

आरोपी राहुल मीणा अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली में अधिकारी के घर पहले काम कर चुका था और करीब डेढ़ महीने पहले उसे लेनदेन में गड़बड़ी के आरोप में हटा दिया गया था। इसके बाद से वह परिवार से रंजिश रखता था।

कमरे में सामान बिखरा मिला

घटना के समय युवती के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। वे रोज की तरह सुबह जिम गए हुए थे, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया। घटनास्थल पर संघर्ष के संकेत भी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि पीड़िता ने विरोध किया था। कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला और शव फर्श पर पाया गया।

आरोपी से पूछताछ जारी

द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यह मामला अंतरराज्यीय स्तर तक फैल गया है, जिससे जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही हैं।

Updated on:
23 Apr 2026 11:55 am
Published on:
23 Apr 2026 06:00 am