जयपुर

राजस्थान की मोनालिसा है बणी-ठणी, चित्रशैली को बढ़ावा देने आर्ट गैलरी खोलने की हुई मांग

Bani-Thani: राजस्थान के किशनगढ(अजमेर) की बणी ठणी चित्रकला शैली को बढ़ावा देने के लिए आर्ट गैलरी खोले जाने की मांग तेज हो गई है। राजस्थान की मोनालिसा मानी जाने वाली किशनगढ़ चित्रशैली की कृति बणी-ठणी (राधा) के चित्र प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-दुनिया में प्रसिद्ध है।

2 min read
Feb 16, 2023
kishangarh_bani_thani.jpg
File photo of artist painting Bani Thani

किशनगढ़ की बणी ठणी चित्रकला शैली को बढ़ावा देने सहित किशनगढ़ में आर्ट गैलेरी खोले जाने की मांग विधानसभा में एक तारांकित प्रश्न के माध्यम से की। किशनगढ़ विधायक ने इसके साथ ही पृथक से कला व संस्कृति मंत्री व मुख्यमंत्री को भी पत्र सौंप कर इस आशय की मांग को दोहराया।

विधायक सुरेश टाक ने किशनगढ़ में कला दीर्घा (आर्ट गैलरी) खोले जाने को लेकर सदन में प्रश्न रखा। कहा गया कि किशनगढ़ की बणी-ठणी चित्रकला शैली को बढ़ावा देने के लिए सरकार कला दीर्घा खोले जाने का विचार रखती है। प्रत्युत्तर में मंत्री ने कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव रखा जाकर उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

पर्यटन व धार्मिक स्थलों का केन्द्र है किशनगढ़:
विधायक टाक ने कला दीर्घा खोले जाने को लेकर कला व संस्कृति मंत्री तथा मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर आग्रह किया कि दिल्ली अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर किशनगढ़ है। इसके पास जगतपिता ब्रह्मा मन्दिर पुष्कर एवं ख्वाजा मोईनुद्धीन की दरगाह सांप्रदायिक सद्भाव व बन्धुता के भाव लिए अरावली पर्वतमाला के मध्य किशनगढ़ मार्बल व्यवसाय में अग्रणी है। पर्यटन व धार्मिक स्थल है। यहां की प्राचीन व ऐतिहासिक धरोहरें पर्यटकों का आकर्षण केन्द्र रहती है, पिताम्बर की गाल श्रीनाथजी के नाथद्वारा पदार्पण करते समय विराजमान होने, खोडा गणेश मन्दिर, निम्बार्क तीर्थ सलेमाबाद तेजाजी धाम सुरसुरा है।

और भी कई खूबियां:
किशनगढ़ का ऐतिहासिक किला, गुन्दोलाव झील, मोखम विलास, ऐतिहासिक काली माता मन्दिर, पूरे भारतवर्ष में एकमात्र नवग्रह मन्दिर किशनगढ़ में स्थित है। मार्बल का हैन्डीक्राफ्ट कलाकृतियां, डम्पिंग-यार्ड कश्मीर का प्रतिरूप है यहां फिल्मों की शूटिंग एवं फोटोग्राफी की जाती है। नवनिर्मित भव्य रेलवे-स्टेशन, बस-स्टेण्ड, एयरपोर्ट नयनाभिराम है।

शैली की विशेषताएं:
किशनगढ़ चित्रशैली का विकास महाराजा रूप सिंह (1643-1658) के समय प्रारंभ हुआ और महाराजा सांवतसिंह (1748-1764) के समय विकसित हुआ। महाराजा सांवतसिंह के समय ही किशनगढ़ चित्रशैली के चित्र बनाए गए। इसके बाद विश्व प्रसिद्ध राधा (बणी-ठणी) की कृति का चित्र कलाकार निहालचंद ने बनाया था। बनी-ठणी राजस्थानी शब्द है , इसका हिन्दी में मतलब सजी-धजी होता है। इसकी विशेषताओं में पुरुषाकृति में लंबा छरहरा बदन, उन्नत ललाट, लंबी नाक, पतले होंठ, खंजनाकृत कानों तक खिंचे हुए विशाल नयन प्रमुख है। वहीं नारी आकृति में गौर वर्ण, बांके काजल से युक्त विशाल नयन, उन्नत ललाट, बड़ी तीखी सुंदर नासिका, सुराहीदार गर्दन आदि है। इसके साथ ही प्राकृतिक परिवेश का भी बड़े स्तर पर उपयोग शामिल है। इसमे झील, पक्षी, नौकाएं, कमल दलों से ढके जलाशय शामिल है। इसमे प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया गया है।

Published on:
16 Feb 2023 03:39 pm