
AI-generated-image-of-Jaipur-Tourist-Police.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अब पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक खास पहल की है। जयपुर पुलिस और टूरिस्ट पुलिस स्टेशन ने “पर्यटक सुरक्षा, हमारा संकल्प” अभियान के तहत कई नई सुविधाएं शुरू की हैं। अब पर्यटकों को जानकारी, खोए सामान की मदद, आपातकालीन सहायता और बहुभाषी हेल्प डेस्क जैसी सेवाएं एक ही जगह पर मिलेंगी।
हाल ही जयपुर पुलिस ने ट्यूरिस्ट सेफ्टी, अवर कमिटमेंट नाम से एक पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में साफ बताया गया है कि टूरिस्ट असिस्टेंस के तहत सूचना और मार्गदर्शन, लॉस्ट एंड फाउंड सपोर्ट तथा मल्टीलिंगुअल हेल्प डेस्क उपलब्ध कराई जाएगी। यानी विदेशी या देशी पर्यटक अगर भाषा की समस्या का सामना करें या कोई सामान खो जाए तो तुरंत मदद मिल सकेगी। पुलिस असिस्टेंस में सुरक्षा एवं सुरक्षा टीम, सेफ्टी एंड रिस्पॉन्स टीम और इमरजेंसी असिस्टेंस का प्रावधान है।
सबसे महत्वपूर्ण सुविधा है 24×7 हेल्पलाइन सपोर्ट। मोबाइल नंबर 8764868070 पर किसी भी समय शिकायत या मदद के लिए संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1090 महिला हेल्पलाइन, RajCopCitizenApp और PinkGuardApp का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ये सभी सेवाएं चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी।
टूरिस्ट पुलिस स्टेशन का फोन नंबर 0141-2600336 है। CUG नंबर 8764868070 भी उपलब्ध है। कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2388438 और 0141-2388430 दिए गए हैं। इन नंबरों पर पर्यटक अपनी समस्याएं बता सकते हैं और तुरंत कार्रवाई की उम्मीद कर सकते हैं।
जब कोई पर्यटक समस्या लेकर संपर्क करेगा तो पहले हेल्पलाइन या ऐप के जरिए जानकारी ली जाएगी। फिर जरूरत के हिसाब से टूरिस्ट असिस्टेंस टीम या पुलिस रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंचेगी। खोए सामान के मामले में लॉस्ट एंड फाउंड सिस्टम सक्रिय होगा। आपातकाल में 112 या अन्य नंबरों से तुरंत पुलिस फोर्स भेजी जाएगी। मल्टीलिंगुअल हेल्प डेस्क विदेशी पर्यटकों के लिए भाषा की बाधा दूर करेगी। RajCopCitizenApp और PinkGuardApp से शिकायत दर्ज कर स्टेटस भी ट्रैक किया जा सकेगा।
जयपुर पुलिस का यह प्रयास पर्यटन को सुरक्षित बनाने और पर्यटकों में विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। शहर में हर साल लाखों पर्यटक आते हैं। ऐसे में ये सेवाएं न सिर्फ सुरक्षा बढ़ाएंगी बल्कि जयपुर की छवि को और बेहतर बनाएंगी। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या पर तुरंत दिए गए नंबरों पर संपर्क करें। यह पहल पर्यटकों को निश्चिंत घूमने का मौका देगी और आपात स्थिति में त्वरित मदद सुनिश्चित करेगी। जयपुर पुलिस का संदेश साफ है- पर्यटक सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
राजधानी जयपुर के बनीपार्क इलाके में रूस से आईं दो महिला पर्यटकों की एक स्थानीय दुकानदार से कपड़ों की वापसी को लेकर समस्या आ गई थी, जिसका पुलिस ने त्वरित समाधान कराया। रूस से जयपुर आईं दो महिला पर्यटक बनीपार्क क्षेत्र में पारंपरिक कपड़ों की खरीदारी करने गई थीं। खरीदारी के बाद कपड़े वापस करने को लेकर दुकानदार से उनकी बहस हो गई। परेशान पर्यटकों ने पर्यटन थानाधिकारी शशिकला से संपर्क कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी शशिकला, हेड कांस्टेबल हरिनारायण और कांस्टेबल रामकिशन मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दुकानदार से बातचीत कर हस्तक्षेप किया और समस्या का त्वरित समाधान कराया। पुलिस की संवेदनशीलता एवं तत्परता से संतुष्ट होकर दोनों विदेशी महिला पर्यटकों ने स्वयं वीडियो बना उसे शेयर कर राजस्थान पुलिस का आभार व्यक्त किया।
Updated on:
14 Oct 2026 02:00 pm
Published on:
14 Oct 2026 02:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
