14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

PM नरेंद्र मोदी के विजन से राजस्थान को मिला बड़ा फायदा, CM भजनलाल ने कैबिनेट बैठक में दिए बड़े संकेत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में पीएम मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में विकास, सुशासन, रिफॉर्म, सौर ऊर्जा में प्रथम स्थान, जल सुरक्षा और पारदर्शी भर्तियों जैसे प्रमुख उपलब्धियों पर चर्चा हुई।
5 min read
Google source verification

जयपुर

•

image

Arvind Rao

•

Oct 14, 2026

cm bhajanlal sharma cabinet meeting

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Government Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में मंत्रिमंडल और मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के लिए अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और राजस्थान में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर को सरकार के मुखिया के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर राजस्थान मंत्रिमंडल ने उनके योगदान की सराहना करते हुए अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुशासन, विकास और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में लगातार काम हो रहा है। जनता के समर्थन से नरेंद्र मोदी पहले तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनादेश प्राप्त कर चुके हैं।

अनुच्छेद 370 से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद को प्रधानसेवक मानते हुए देश में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दिया है। अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे फैसलों से भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 और ब्रिक्स सम्मेलनों के सफल आयोजन से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा और कूटनीतिक प्रभाव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों से विनिर्माण और तकनीकी क्षमताओं का विस्तार हुआ है। डिजिटल इंडिया और जीएसटी ने आर्थिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को नई दिशा दी है। वहीं, जनधन खाते, आधार और मोबाइल के माध्यम से वित्तीय समावेशन तथा प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 10 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में अब तक 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जा चुकी है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए 60 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को निशुल्क उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि करीब 36 देशों ने प्रधानमंत्री को सर्वोच्च नागरिक या राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री 21 बार दूसरे देशों की संसद को संबोधित कर चुके हैं।

विकास के साथ विरासत को भी मिल रहा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। वर्ष 2014 में भारत के प्रस्ताव पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिली। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास किया गया और अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई।

उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ केंद्र सरकार ने वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में बदलाव आया है।

जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना पर 11,764 करोड़ रुपये होंगे खर्च

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ राजस्थान की डबल इंजन सरकार को मिल रहा है। प्रदेश में 2,750 किलोमीटर से अधिक लंबाई के 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा रहे हैं। जयपुर में यातायात का दबाव कम करने के लिए 11,764 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना का काम केंद्र सरकार के सहयोग से पूरा किया जाएगा।

सौर ऊर्जा क्षमता में राजस्थान देश में पहले स्थान पर

भजनलाल शर्मा ने बताया कि राजस्थान 39.36 गीगावाट स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता के साथ देश में अग्रणी बन गया है। राज्य सौर ऊर्जा क्षमता में पहले और कुल अक्षय ऊर्जा स्थापना में दूसरे स्थान पर है। राज्य सरकार के पौने तीन साल के कार्यकाल में करीब 28 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि 6,000 मेगावॉट-आवर की बैटरी भंडारण परियोजनाओं से बिजली पारेषण तंत्र का विस्तार हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजस्थान में 5 लाख से अधिक पंजीकरण हुए हैं और 3 लाख 37 हजार रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। पीएम-कुसुम योजना के तहत किसानों के लिए 5.2 गीगावाट से अधिक क्षमता के संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत प्रदेश में करीब 30 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

जल समझौतों से 17 जिलों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में लंबे समय से लंबित जल परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। राम जल सेतु लिंक परियोजना से राजस्थान के 17 जिलों में 3 करोड़ से अधिक लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने और करीब 4 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यमुना, किशाऊ और नर्मदा जल समझौतों से राजस्थान की जल सुरक्षा बेहतर बनाने का रास्ता प्रशस्त हुआ है।

राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और उपस्थिति में दिसंबर 2024 में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित हुआ था। इसमें 35 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजस्थान को पचपदरा में देश की पहली एकीकृत ग्रीनफील्ड रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2 और माही बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी है।

1.93 लाख सरकारी पदों पर नियुक्तियां देने का दावा

मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि राज्य सरकार अब तक 1 लाख 93 हजार पदों पर सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है। इसके अलावा, 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 410 से अधिक परीक्षाएं बिना पेपर लीक के पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई हैं।

किसानों और महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9,000 रुपये कर दी गई है। प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। लखपति दीदी और लाडो प्रोत्साहन जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को नेतृत्व और समान अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत राजस्थान में 3 लाख 82 हजार आवासों का निर्माण कराया जा चुका है, जबकि 4 लाख 53 हजार आवासों का काम जारी है। प्रदेश के 75 लाख गरीब परिवारों को कम कीमत पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के सहयोग के लिए जताया आभार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, सहयोग और महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता, जनभागीदारी और समयबद्ध क्रियान्वयन के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को गति दे रही है। सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देना है। प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा भी मौजूद रहे।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग