जयपुर

दीवार से सटकर आबकारी थाना, फिर भी सरेआम होती है शराब पार्टी

प्रताप नगर सन स्क्वायर के एक फ्लैट में हनुमान मीणा को बंधक बनाकर हत्या करने के बाद यहां कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। देर रात सरेआम होने वाली शराब पार्टी और अन्य आपत्तिजनक मामलों को लेकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग परेशान हैं।
2 min read
May 28, 2023
photo_6311984943403742482_y.jpg


जयपुर. प्रताप नगर सन स्क्वायर के एक फ्लैट में हनुमान मीणा को बंधक बनाकर हत्या करने के बाद यहां कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। देर रात सरेआम होने वाली शराब पार्टी और अन्य आपत्तिजनक मामलों को लेकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग परेशान हैं। उनका आरोप है कि कई फ्लैट में तो असामाजिक लोग रहते हैं, जो बात-बात में अभद्र भाषा बोलते हैं। लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट की दीवार से सटकर आबकारी थाना है। इसके बावजूद देर रात अपार्टमेंट में शराब सप्लाई करने वाले चक्कर लगाते रहते हैं। यहां कई युवक-युवतियां देर रात तक शराब पार्टी करते हैं। इन सभी को नजरअंदाज करने पर ही अपार्टमेंट में हनुमान को बंधक बनाकर हत्या करने जैसी घटना हो गई।

यह बताई समस्या

- अपार्टमेंट में कई फ्लैट खाली हैं- कभी किसी फ्लैट में कोई आधा घंटे के लिए तो कोई दो घंटे और कोई दस से पन्द्रह दिन ठहरकर चला जाता है।
- कई युवक-युवती फ्लैट में कुछ देर आकर चले जाते हैं- पुलिस फ्लैट में सर्च के दावे करती है, लेकिन इस फ्लैट में कभी सर्च नहीं की गई।
- कुछ फ्लैट में रहने वाले युवक बदतमीजी से बातचीत करते हैं, जिनकी आवाज बाहर तक सुनाई देती रहती है।


समय-समय पर फ्लैट में रहने वाले लोगों की तस्दीक की जाती है। इस फ्लैट में रहने वाले लोगों की तस्दीक की जाएगी। शराब पार्टी की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है।
ज्ञानचंद यादव, डीसीपी पूर्व


रात को शराब पार्टी की शिकायत मिली तो पुलिस को सूचना दी थी। लोग शिकायत नहीं करते हैं। शिकायत करने या पकड़े जाने पर पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई करवाई जाएगी।
विकास, अपार्टमेंट के केयर टेकर

Published on:
28 May 2023 10:30 am