5 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान: दुकान में घाटा हुआ तो बना तस्कर, ANTF ने दो तस्कर दबोचे, 47 किलो गांजे की खेप पकड़ी

राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सवाई माधोपुर जिले में करीब 25 लाख रुपए कीमत का 47.288 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Google source verification
ANTf Rajasthan action

एएनटीएफ की गिरफ्त में आरोपी - फोटो पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सवाई माधोपुर जिले में करीब 25 लाख रुपए कीमत का 47.288 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सवाईमाधोपुर के खण्डार निवासी मुकुट बिहारी (36) और हनुमान (30) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुकुट बिहारी ने मोबाइल रिचार्ज की दुकान खोली, लेकिन मुनाफा नहीं हुआ तो उसने कमाई का शॉर्टकट अपनाया। उसने मोबाइल रिचार्ज कराने आने वाले ग्राहकों को चुपके से गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बेचना शुरू कर दिया। वर्ष 2020 में उसकी पहचान उड़ीसा के एक तस्कर से हुई, जिसके बाद वह बस और ट्रेन से उड़ीसा जाने लगा। कोरोना महामारी के समय वह मोटरसाइकिल से उड़ीसा से गांजा लाता और श्योपुर व मानपुर (मध्य प्रदेश) सहित अपने गांव के आस-पास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचकर तगड़ा मुनाफा कमाने लगा।

​रोजाना 30-32 हजार का मुनाफा

आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी मुकुट बिहारी उड़ीसा से मात्र 4 हजार से 5 हजार रुपए प्रति किलोग्राम के भाव से खरीदकर मध्य प्रदेश और राजस्थान के स्थानीय तस्करों व ग्राहकों को 15,000 से 20,000 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचते थे। इस काम में उसने अपने ही गांव के हनुमान मीणा को साथ मिलाया, जिसे प्रति चक्कर 20 हजार रुपए का फिक्स कमीशन मिलता था। इस तरह ये तस्कर बिना किसी मेहनत के अवैध तस्करी से रोजाना 30,000 से 32,000 रुपये का मोटा मुनाफा कमा रहे थे।

दो माह तक निगरानी, एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर दबोचा

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी पिछले छह-सात वर्षों से बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद टीम ने करीब दो माह तक उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी। जानकारी मिली कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर राजस्थान पहुंचेगा। टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर कार को रुकवाया गया। वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिग्गी के दोनों ओर लाइटों के पास विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त बॉक्स मिले, जिनमें 47.288 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से गांजा और वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।