जयपुर

दो सीटों पर उपचुनाव की रणनीति पर हुआ पीसीसी में मंथन, संभावित दावेदारों पर पर चर्चा

-वल्लभ नगर और धरियावाद उपचुनाव के लिए बनी कमेटी की हुई पहली बैठक, पहली बैठक में 14 में से 8 सदस्य नहीं हुए बैठक में शामिल
2 min read
Aug 05, 2021
pcc jaipur
pcc jaipur

जयपुर। वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा सीटों पर अभी उपचुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन सत्तारूढ कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने दोनों सीटों के लिए सात- सात सदस्यों की कोऑर्डिनेशन कमेटी बनाई है। गुरूवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में इन कमेटियों की पहली बैठक हुई।

बैठक में उपचुनाव जीतने की रूपरेखा और रणनीति पर मंथन किया गया। दोनों समितियों के कुल 14 सदस्यों में से 8 सदस्य ही इस बैठक में शामिल हुए। मंत्री प्रमोद जैन भाया, उदयलाल आंजना, विधायक गणेश घोगरा, लाखन मीणा, रामलाल मीणा और पूर्व सांसद रघुवीर मीणा इस बैठक में शामिल नहीं हुए, जबकि परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, मंत्री अशोक चांदना,अर्जुन बामणिया, विधायक महेंद्र सिंह मालवीय, दयाराम परमार, कांग्रेस नेता दिनेश खोडनिया और धर्मेंद्र राठौड़ बैठक में मौजूद रहे।

संभावित नामों पर हुआ मंथन
जानकारों की माने तो बैठक में दोनों विधानसभा सीटों पर पांच-पांच संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई। इसके अलावा उपचुनाव में स्थानीय मुद्दों और भाजपा को घेरने की रणनीति पर मंथन हुआ है।

इसके अलावा पीसीसी चीफ डोटासरा ने धरियावाद और वल्लभ नगर के लिए गठित चुनाव समितियों को जल्द ही चुनाव वाले क्षेत्रों में जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठकें करने के निर्देश दिए हैं। चर्चा ये भी है गुरूवार को आधे सदस्य नहीं आने के चलते कमेटियों की दूसरी बैठक जल्द बुलाने को भी कहा गया है।

दोनों सीटों पर करेंगे जीत दर्ज
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कोरोना का शानदार प्रबंधन किया है। पार्टी ने एकजुट होकर सहाड़ा और सुजानगढ़ में जीत दर्ज की थी, धरियावाद और वल्लभ नगर में भी कांग्रेस पार्टी शानदार जीत दर्ज करेगी। राजस्थान की जनता का आशीर्वाद कांग्रेस का साथ है, राजस्थान को नंबर वन बनाना सरकार का उद्देश्य है, विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे।

वहीं खेल मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि पहले ये धारणा बनी हुई थी कि कांग्रेस को कांग्रेस ही हरा सकती है, लेकिन ये धारणा गलत साबित हुई है, बीते तीन सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने एकजुटता के साथ उपचुनाव लड़ा और सहाड़ा और सुजानगढ़ में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है और राजसमंद में भी हार का अंतर कम किया, इस बार दोनों सीटों पर भी पार्टी पूरी एकजुटता और ताकत से चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी।

Published on:
05 Aug 2021 08:23 pm