Diwali 2023: दिवाली के त्योहार को लेकर बाजार में उल्लास नजर आने लगा है। बाजारों में सामूहिक सजावट शुरू हो चुकी है। अलग—अलग थीम पर बाजार सजाए जा रहे है। निगम प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
जयपुर। दिवाली के त्योहार को लेकर बाजार में उल्लास नजर आने लगा है। बाजारों में सामूहिक सजावट शुरू हो चुकी है। अलग—अलग थीम पर बाजार सजाए जा रहे है। इस बीच जयपुर ग्रेटर और हैरिटेज नगर निगम की ओर से भी शहर के सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख दरवाजों, सर्किलों पर विशेष रोशनी की जाएगी। निगम प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
दिवाली पर हैरिटेज नगर निगम की ओर से शहर के अजमेरी गेट, सांगानेरी गेट, न्यू गेट, जोरावर सिंह गेट सहित प्रमुख गेट व चौपड़ों पर आकर्षक रोशनी की जाएगी। वहीं जयपुर ग्रेटर नगर निगम की ओर से भी शहर के प्रमुख दरवाजो, सर्किलों पर रोशनी की जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।
ग्रेटर निगम करेगा सम्मानित
इस बार भी जयपुर ग्रेटर नगर निगम बाजारों में उत्कृष्ट सजावट व रोशनी करने के साथ बेहरत सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापार मंडलों को सम्मानित किया जाएगा। ग्रेटर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिए है। बाजारों में सजावट व रोशनी के साथ बेहतर सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने और श्रेष्ठ सजावट का चयन करने के लिए टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम दीपावली पर्व के अवसर पर उत्तम सफाई व्यवस्था, उत्कृष्ट सजावट व रोशनी किए जाने वाले व्यापार मंडलों को अवार्ड से सम्मानित करने का काम करेगी।
पहले भी किया सम्मान
जयपुर ग्रेटर नगर निगम ने पिछले साल भी दिवाली पर सामूहिक सजावट वाले बाजारों के व्यापार मंडलों को सम्मानित किया था, तब निगम प्रशासन ने बाजारों की सजावट व रौशनी को चैक करने के लिए अलग से टीम का गठन किया था। टीम ने दिवाली पर बाजारों में घूमकर रौशनी व सजावट देखी, उसके आधार पर श्रेष्ठ सजावट करने वाले व्यापार मंडलों का चयन किया गया।