जयपुर

आप मत करिए कभी ऐसा कि पछताना पड़े जिन्दगी भर

गाड़ी चलाते हुए मोबाइल पर बात करते जो पकड़े गए, उनके ड्राइविंग लाइसेंस आजीवन निरस्त हुए
2 min read
Sep 05, 2018
Feature image

- पछतावा-01 : आगरा रोड निवासी सतेन्द्रकुमार एयरपोर्ट जा रहा था। फ्लाइट छूटने की आशंका थी इसलिए जल्दबाजी में कार चलाते हुए ही मोबाइल उठा लिया। यातायात पुलिस ने फोटो खींचा और चालान बना दिया। इसके बाद परिवहन कार्यालय से सतेन्द्र का लाइसेंस आजीवन निरस्त कर दिया गया।
- पछतावा-02 : परकोटा निवासी फातिमा की बहन का विदेश से कई दिन बाद फोन आया तो उसने कार चलाते हुए ही फोन उठा लिया। फातिमा के साथ भी वैसा ही हुआ, जैसा सतेन्द्र के साथ हुआ था। फातिमा का लाइसेंस आजीवन निरस्त हो गया।
----------------------------------
जयपुर. ये तो महज उदाहरण हैं। शहर में परिवहन विभाग ने पिछले 3 महीनों में ऐसे मामलों में 63 लाइसेंस आजीवन निरस्त किए हैं। अन्य यातायात नियमों के उलंघन पर 3 से 6 महीने तक के लिए भी लाइसेंस निलंबित किए जा रहे हैं। जिनके ड्राइविंग लाइसेंस आजीवन निरस्त हुए, उनमें से ज्यादातर लोग अपनी गलती पर पछता रहे हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने कार चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों पर सख्ती बढ़ा दी है। शहर में ऐसी कार्रवाई के लिए अलग से टीमें गठित हैं। चौपहिया वाहन में मोबाइल का इस्तेमाल करने पर यातायात पुलिस सबूत के तौर पर पहले फोटो खींचती है। फिर फोटो सहित चालान और लाइसेंस परिवहन कार्यालय भेजती है। वहां दस्तावेजों की जांच के बाद लाइसेंस निरस्त कर नोटिस घर भेजा जाता है।
-----------------------------------
नोटिस घर पहुंच रहा तब खुल रही आंख
जयपुर आरटीओ 63 लोगों के लाइसेंस निरस्त कर चुका है। इसका नोटिस संबंधित चालकों के घर भेजा जा रहा है। पूछताछ के लिए चालक आरटीओ पहुंचते हैं और लाइसेंस आजीवन निरस्त होने का पता चलता है तब न केवल आंखें खुल रही हैं बल्कि पछतावा भी हो रहा है।
-------------------------------
अब तक इतनी कार्रवाई
- 808 लाइसेंस निलंबित 3 से 6 महीने के लिए निलंबित किए जा चुके हैं इस साल अब तक
- 792 लाइसेंस निलंबित हुए थे 3 से 6 महीने के लिए पिछले साल
- 63 लाइसेंस आजीवन निरस्त किए जा चुके हैं पिछले 3 महीने में
- 40 लाइसेंस जून में किए गए थे निरस्त, जो एक महीने में सर्वाधिक है
-------------------------------
हाईकोर्ट के आदेश पर लाइसेंस आजीवन निरस्त किए जा रहे हैं। पिछले तीन महीने से यह प्रक्रिया जारी है। लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं है। पता चलता है तब पछताते हैं।
- संजय शर्मा, डीटीओ-लाइसेंस, आरटीओ, झालाना

Published on:
05 Sept 2018 02:05 am