
जयपुर। राजस्थान में सितंबर माह में हो रही भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर है। सिरोही, बालोतरा, बाड़मेर, जालोर सहित कई जिलों में रविवार को भी बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग का नया अलर्ट सामने आया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 घंटे में 18 जिलों में बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक बारिश जालोर के सांचौर में 210 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा सिरोही के कैर में 20, उदयपुर के गोगुंदा में 15, सिरोही के पिंडवाड़ा में 13, उदयपुर के कोटडा में 12 और सिरोही के माउंट आबू में सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम केंद्र जयपुर की मानें तो अगले 3 घंटे में प्रदेश के 18 जिलों में बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और सिरोही जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, जोधपुर और पाली जिले में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है। इन जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और पेड़ों के नीचे शरण ना लेने की सलाह दी है। साथ ही जल भराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने के लिए कहा गया है।