जयपुर

जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन को मिलेगा नया रूप, नई बिल्डिंग से प्लेटफॉर्म तक बनेगा सब नया; दिवाली बाद शुरू होगा काम

Durgapura Station Modernization: जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। यहां नई बिल्डिंग, दो रेल लाइनें, नए प्लेटफॉर्म, लिफ्ट और आधुनिक शेड बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य दिवाली के बाद शुरू होने की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 9:39 AM IST
jaipur durgapura railway station
दुर्गापुरा स्टेशन (फाइल फोटो)

देवेंद्र सिंह राठौड़

जयपुर. जयपुर जंक्शन, गांधीनगर, खातीपुरा और सांगानेर रेलवे स्टेशन के बाद अब दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया और बेहतर स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत स्टेशन की मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए कई नए निर्माण कार्य किए जाएंगे। पुनर्विकास कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया इसी महीने के पहले सप्ताह में पूरी हो चुकी है। अब संभवतः दीपावली के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे ने इस पूरे काम को करीब डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। दुर्गापुरा स्टेशन का यह पुनर्विकास जयपुर-सवाई माधोपुर रेलमार्ग दोहरीकरण परियोजना के तहत किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 1200 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने के साथ ही स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हाईटेक टिकट एवं आरक्षण केंद्र

स्टेशन पर 60.35 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा नया मुख्य भवन बनाया जाएगा। सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के लिए 60.35 मीटर लंबा और 13.80 मीटर चौड़ा अलग प्रशासनिक भवन भी बनेगा। ट्रेनों का संचालन सुगम बनाने के लिए दो नई रेल लाइनें बिछाई जाएंगी। इसके साथ 600 मीटर लंबा हाई-लेवल प्लेटफॉर्म-1 और 600 मीटर लंबा नया हाई-लेवल आइलैंड प्लेटफॉर्म 4 व 5 तैयार किया जाएगा।

दुर्गापुरा स्टेशनः फैक्ट फाइल

  • दैनिक यात्रीभारः लगभग 6,500 से 7,000 यात्री
  • ट्रेनों की आवाजाहीः रोजाना 66 ट्रेनें
  • प्रवेश और निकासः 2 मुख्य एंट्री और एग्जिट गेट

आधुनिक शेड और विशाल पार्किंग

सुगम आवाजाहीः यात्रियों के एक प्लेटफॉर्म से दूसरे पर जाने के लिए 6 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज बनेगा। इसमें लिफ्ट की सुविधा भी होगी।
धूप-बारिश से बचावः प्लेटफॉर्म 1 और प्लेटफॉर्म 4 व 5 पर कुल 5500 वर्ग मीटर क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए जाएंगे।
सर्कुलेटिंग और पार्किंग एरियाः प्लेटफॉर्म-1 की ओर सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार और सौंदर्गीकरण होगा।

इसलिए जरूरी

घनी आबादी वाले इलाके में स्थित होने के कारण यहां अधिकांश प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होता है। इसके बावजूद स्टेशन पर लंबे समय से यात्री सुविधाओं का अभाव रहा है। यात्रियों और क्षेत्रीय निवासियों की मांग पर यह निर्णय लिया गया है।

दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और बड़ी राहत मिलेगी।
-अमित सुदर्शन, सीपीआरओ, उत्तर पश्चिम रेलवे

Updated on:
28 Oct 2026, 9:39 AM IST
Published on: