28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में देर रात धधका फर्नीचर गोदाम, एक किमी दूर से दिखाई दी आग की लपटें, 5 दमकलों ने एक घंटे में पाया काबू

खोह नागोरियान इलाके के खानिया बंधा में मंगलवार देर रात फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तैयार फर्नीचर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 28 Oct 2026, 7:46 AM IST

Jaipur Furniture Godown Fire

फर्नीचर गोदाम में लगी आग। फोटो: पत्रिका

जयपुर। खोह नागोरियान इलाके के खानिया बंधा में मंगलवार देर रात फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तैयार फर्नीचर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस को आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फायर ऑफिसर गौतम लाल ने बताया कि मंगलवार रात 10:55 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को खानिया बंधा स्थित फर्नीचर के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।

गोदाम में तैयार फर्नीचर के साथ बड़ी मात्रा में कच्चा माल रखा हुआ था। आग ने देखते ही देखते सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे गोदाम में रखा फर्नीचर और अन्य सामग्री जल गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें करीब एक किलोमीटर दूर से नजर आ रही थीं।

आग देखकर जमा हुई लोगों की भीड़

गोदाम में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हलचल मच गई। सड़क से गुजर रहे राहगीर भी आग की ऊंची लपटें देखकर मौके पर रुक गए। देखते ही देखते घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो पाया है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।