
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित सीकर, नागौर, चूरू, दौसा सवाईमाधोपुर और अलवर जिले में बुधवार दोपहर बाद तेज अंधड़ के साथ आई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई। बारिश के बाद इन क्षेत्रों में पारा दो से तीन डिग्री तक लुढ़क गया। सीकर जिले के दांतारामगढ़ व श्रीमाधोपुर क्षेत्र में ओले गिरे। फतेहपुर क्षेत्र के गांव आलमास में अंधड़ से 11 केवी का तार टूटकर गिरने से बालिका की मौत हो गई। 4 गंभीर रूप से झुलस गए। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सो में हुई बारिश और ओला वृष्टि से बुधवार सुबह मौसम वैज्ञानिकों ने राजस्थान के पूर्वोत्तर इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान जताया था।
आधा घंटे में 17 डिग्री गिरा जयपुर का पारा
जयपुर में बुधवार को हुई बारिश से आधा घंटे में तापमान में करीब 17 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर 3 बजे पारा 42 डिग्री सेल्सियस था। यह बारिश 25 डिग्री पर आकर ठहर गया।
तपन बरकरार
वहीं दूसरी ओर बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्से में तपन बरकरार रही। श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 48.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि बूंदी में पारा 49 से गिरकर 46 डिग्री पर आ गया। पूरे जोधपुर संभाग में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहा। फलोदी में लगातार तीसरे दिन 47 डिग्री से. तापमान दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर 46.2 डिग्री के साथ तपता रहा। मई के महीने में उमस से लोग परेशान रहे।
राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान
बीकानेर - 46.5
बारां- 44
चूरू - 44.0
झालावाड़-44
चित्तौडगढ़़- 44
कोटा- 43.4
अजमेर - 42.4
नागौर- 42
अलवर -40