जयपुर

चीन से राजस्थान तक पहुंचा भूकंप, सहमे लोग घरों से निकले

राजस्थान में शनिवार दोपहर को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि 15 से 20 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2017, 4:23 PM IST
rajasthan

जयपुर। राजस्थान में शनिवार दोपहर को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि 15 से 20 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रदेश के जोधपुर , अजमेर ,पाली, भीलवाड़ा, डीडवाना सहित कई शहरों में भूकंप के झटके महसूस हुए। हालांकि जनहानि होने की अभी तक होई सूचना नहीं मिली है। भूकंप के झटकों से सहमे लोग अपने—अपने घरों से बाहर निकल आए। अभी तक भूकंप का पैमाना कितना रहा इस बारे में अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

पुष्कर में भूकंप के झटके महसूस किए गए
पुष्कर में झटकों से खिड़कियां हिलने लगी। ब्रह्मा मंदिर के पुजारी लक्ष्मी निवास वशिष्ठ में भी भूकंप के झटकों की पुष्टि करते हुए बताया कि वह कुर्सी पर बैठे थे उसी दौरान कुर्सी हिलने लग गई। थानाधिकारी महावीर शर्मा ने भी झटकों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह बैठे थे उसी दौरान कमरे की खिड़की हिलने लग गई कस्बेवासियों ने भूकंप के झटकों की पुष्टि की।

जोधपुर शहर में भूकम्प के झटके महसूस किए गए। शहर के बनाड़, शिकारगढ़, चौपासनी, कुड़ी हाउसिंग बोर्ड, बासनी, मधुबन, कमला नेहरू नगर, शिप हाऊस, सरस्वती नगर, शास्त्रीनगर, प्रतापनगर, पावटा, सिवांची गेट सहित भीतरी शहर आदि क्षेत्रों में भूकंप के महसूस किए गए। वहीं ग्रामीण इलाकों बिलाड़ा, आगोलाई व लूणी आदि क्षेत्रों में आए भूकंप के झटकों से घरों में रखी हुए वस्तुएं हिलती नजर आई। कुछ सेकेंड्स के लिए आए इस भूकंप की पुष्टी पुलिस ने भी की है। जैसे ही लोगों को आभास हुआ कि ये भूकम्प के झटके हैं। तो लोग आनन-फानन में घरों से निकलकर बाहर खुले स्थान की तरफ भागे।

बता दें कि शनिवार तड़के दक्षिणी चीन के भारतीय सीमा से सटे हुए शियांग क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग (यूएसजीएस) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 मापी गई। यूएसजीएस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई। भूकंप का केन्द्र दक्षिणी चीन के शियांग क्षेत्र से 10 किलोमीटर दूर जमीन की सतह से 6.2 मील की गहराई में रहा।

Updated on:
18 Nov 2017, 4:23 PM IST
Published on: