जयपुर

गीजा के Great Pyramid के प्रवेश द्वार पर मिला छिपा हुआ गलियारा

रहस्य खुलेंगे : स्कैन पिरामिड प्रोजेक्ट के तहत वैज्ञानिकों को मिली बड़ी कामयाबी। चूना पत्थर संरचना के मकसद के बारे में जानकारी मिलने के आसार।

2 min read
Mar 03, 2023
गीजा के Great Pyramid के प्रवेश द्वार पर मिला छिपा हुआ गलियारा

काहिरा. दुनिया के सात अजूबों में शामिल गीजा के ग्रेट पिरामिड के मुख्य प्रवेश द्वार के करीब वैज्ञानिकों ने नौ मीटर (30 फीट) लंबा और 2.1 मीटर (7 फीट) चौड़ा छिपा हुआ गलियारा खोजा है। मिस्र के पुरावशेष अधिकारियों के मुताबिक, पिरामिड के भीतर खोज स्कैन पिरामिड प्रोजेक्ट के तहत की गई। इसके लिए वैज्ञानिकों की एक टीम ने इंफ्रारेड थर्मोग्राफी, 3डी सिमुलेशन और कॉस्मिक-रे इमेजिंग समेत दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया।
जर्नल नेचर में प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया कि यह खोज पिरामिड के निर्माण और गलियारे के सामने चूना पत्थर संरचना के उद्देश्य के बारे में जानकारी दे सकती है। गीजा के ग्रेट पिरामिड का निर्माण 2560 ईसा पूर्व के आसपास फिरौन खुफु या चेओप्स के शासन काल के दौरान स्मारक और मकबरे के रूप में किया गया था। शुरुआत में यह पिरामिड 146 मीटर (479 फीट) ऊंचा था, लेकिन अब इसका 139 मीटर हिस्सा ही बचा है। वर्ष 1889 में पेरिस में एफिल टावर के निर्माण तक यह मनुष्यों की बनाई गई सबसे ऊंची संरचना थी।

गलियारे के नीचे खोज फिलहाल जारी
मिस्र की सुप्रीम काउंसिल ऑफ एंटिक्विटीज के प्रमुख मुस्तफा वजीरी का कहना है कि अधूरा गलियारा शायद पिरामिड के वजन को मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास बांटने के लिए बनाया गया था। मुख्य प्रवेश द्वार का इस्तेमाल अब पर्यटकों के आने-जाने के लिए किया जाता है। यह खोखला गलियारा मेन गेट से सात मीटर दूर है। शोधकर्ता पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसके नीचे या कॉरिडोर के अंत क्या है।

मकबरे के ऊपर पांच कमरे
माना जाता है कि पिरामिड के एक अन्य भाग में राजा के मकबरे के ऊपर पांच कमरे बनाए गए थे। इनका काम पिरामिड के वजन को आपस में बांटना था। अनुमान है कि फिरौन के पास एक से अधिक दफन कक्ष थे। पिरामिड के पत्थरों में एक छोटे जोड़ के माध्यम से जापान के 6 मिमी मोटे एंडोस्कोप के जरिए गलियारे की तस्वीर ली गई।

Published on:
03 Mar 2023 10:55 pm
Also Read
View All