Rajasthan Education News: गाइडलाइन के अनुसार महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कक्षा नर्सरी की सभी सीटों पर नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। यह नियम उन विद्यालयों पर भी लागू होगा जहां पहले से प्री-प्राइमरी कक्षाएं या बाल वाटिका संचालित हो रही हैं।
Mahatma Gandhi English Medium School: जयपुर. सरकार ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) तथा अन्य राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नई गाइडलाइन जारी कर दी है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस बार प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए स्पष्ट नियम तय किए गए हैं।
गाइडलाइन के अनुसार महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कक्षा नर्सरी की सभी सीटों पर नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। यह नियम उन विद्यालयों पर भी लागू होगा जहां पहले से प्री-प्राइमरी कक्षाएं या बाल वाटिका संचालित हो रही हैं। इसके अलावा अन्य कक्षाओं में पहले क्रमोन्नत और उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा और उसके बाद जो सीटें खाली रहेंगी, उन्हीं पर नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
यदि किसी कक्षा का परीक्षा परिणाम निर्धारित समय तक जारी नहीं हो पाता है, तो उस कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को एक बार के लिए उत्तीर्ण मानते हुए उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं, भामाशाह कोटा के तहत भी विशेष प्रावधान किया गया है। यदि किसी व्यक्ति या संस्था ने विद्यालय को गोद लेकर 50 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य करवाए हैं या भवन निर्माण पर इतनी राशि खर्च की है, तो ऐसे भामाशाह को अधिकतम दो तथा पूरे विद्यालय में हर वर्ष अधिकतम 10 विद्यार्थियों को प्रवेश देने का प्रावधान रहेगा। यह प्रवेश निर्धारित सीटों के अतिरिक्त होगा।