जयपुर

रीको क्षेत्र में बिजली संकट से उद्यमी परेशान, अलग विद्युत लाइन की मांग

Aug 08, 2026
Rajasthan

उद्योग समिति ने सौंपा ज्ञापन

देवली. शहर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से परेशान उद्यमियों ने शुक्रवार को उद्योग समिति के नेतृत्व में विद्युत निगम के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।

समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल एवं महामंत्री मनीष कुमार सिंघल ने बताया कि पिछले कई दिनों से रीको क्षेत्र में बार-बार ट्रिपिंग और फॉल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कई घंटों तक बिजली बहाल नहीं होने से औद्योगिक इकाइयों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है और उद्यमियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में रीको औद्योगिक क्षेत्र के लिए 24 घंटे निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अलग विद्युत लाइन उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि उद्योगों का संचालन बिना व्यवधान के हो सके।

उद्योग समिति ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उद्योगों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


देवली. रीको औद्योगिक क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर विद्युत निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते उद्यमी।

Updated on:
08 Aug 2026 06:02 am
Published on:
08 Aug 2026 06:02 am