जयपुर

बागी होकर विधानसभा चुनाव लड़े जगत सिंह फिर से भाजपा में

भरतपुर से जिला परिषद सदस्य का लडेंगे चुनाव

less than 1 minute read

जयपुर। दो बार विधायक रह चुके जगत सिंह ने शनिवार को फिर से भाजपा का दामन थाम लिया है। टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर जगत सिंह 2018 में रामगढ़ से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ लिए थे। हालांकि, वे चुनाव में तीसरे नम्बर पर रहे थे। जगत सिंह भरतपुर जिले में जिला परिषद् सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि वे चुनाव जीतते हैं तो भाजपा की तरफ से जिला प्रमुख के उम्मीदवार भी वही होंगे। जगत सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के पुत्र हैं।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रदेश कार्यालय में जगत सिंह को भाजपा में शामिल किया। जगत सिंह एक बार अलवर की लक्ष्मणगढ़ सीट से विधायक रह चुके हैं। 2013 के चुनाव में भाजपा ने उन्हें कामां से टिकट दिया और वे जीत कर आए। 2018 में पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया।


भाजपा में शामिल होने के बाद जगत सिंह ने पत्रकारों से कहा कि कोई भूल चूक हुई तो उसके लिए माफ किया, फिर से मौका दिया। इसके लिए में आभारी हूं। पूर्वी राजस्थान में पार्टी को पूर्ण बहुमत दिलाने के लिए काम करूंगा। पीएम मोदी हमेशा मेरे जिगर में बसे हुए हैं। पीएम मोदी देश के दिल की धड़कन हैं। जनता आने वाले चुनाव में कांग्रेस को चौपट कर देगी। उन्होंने कहा कि बड़े दुखी होकर पार्टी छोड़ी थी। दस साल पार्टी में रहा था, उसके बाद एक व्यक्ति की वजह से पार्टी छोड़ी, लेकिन मैं किसी का नाम नही लूंगा।


सतीश पूनिया ने कहा कि जगत सिंह की वापसी से पार्टी पूर्वी राजस्थान में मजबूत होगी। पंचायत राज चुनाव में एक बार फिर से भाजपा की जीत होगी। कांग्रेस को देश में पहले ही नकारा जा चुका है।

Published on:
14 Aug 2021 06:40 pm
Also Read
View All