
जयपुर। आज प्रदेशभर में चल रहे छात्रसंघ चुनावों में एक नई गफलत सामने आई। राजधानी के कॉमर्स कॉलेज में मतदाताओं के हाथों में स्यायी एक्सपायरी डेट की काम में ली जा रही थी। पत्रिका संवाददाता ने जब इस बारे में वहां बैठे स्टॉफ और प्रिंसिपल से पूछा तो वे बगले झांकने लगे। मतदाताओं की अंगुलियों पर करीब 2 साल 7 महीने पुरानी स्याही विद्यार्थियों की अंगुली पर लगाई है। स्याही की प्लास्टिक की बोतल पर मैन्यूफैक्चरिंग डेट जुलाई 2015 और एक्सपायरी डेट जनवरी 2016 बता रही है।
मतदाताओं का कहना है कि स्याही एक्सपायरी डेट की काम में लेना गलत है। इससे विद्यार्थियों की अंगुली को तो नुकसान हो ही सकता है। कॉमर्स कॉलेज के प्रिंसिपल जे.पी.यादव ने बताया कि स्याही के बारे में हम कुछ नहीं कह सकते इसके बारे में तो विश्वविद्यालय ही बता सकता है।
निर्वाचन विभाग के उपमुख्य निर्वाचन अधिकार विनोद पारीक ने बताया कि स्याही निर्वाचन आयोग ने नहीं दी है। निर्वाचन आयोग तो चुनाव होते ही स्याही वापस भेज देता है।राज्य निर्वाचन आयोग के उपसचिव अशोक जैन ने बताया कि हमसे स्याही मांगी थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन को हमने स्याही नहीं दी है।
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने मतदाताओं की अंगुली पर एक्सपायरी स्याही के इस्तेमाल पर विश्वविद्यालय प्रशासन और कॉलेज प्रशासन की आलोचना की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ये प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है कि इस तरह की एक्सपायरी स्याही का प्रयोग किया। इससे त्वचा पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
कुल मिलाकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है । प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मुमताज मसीह, महामंत्री रुपेशकांत व्यास, प्रदेश सचिव संगीत गर्ग और जयपुर शहर कांग्रेस के महामंत्री और प्रवक्ता विमल यादव ने लापरवाही बतरने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिससे इस तरह की गलती दोबारा नहीं दोहराई जाए।