
जयपुर। प्रदेश में नया साल शुरू होते पारे की उलटी चाल से प्रदेशवासी बेहाल हैं। पश्चिमी मैदानी इलाकों में जहां रात में पारा जमाव बिंदू से नीचे चला गया है। वहीं उत्तर पूर्वी हिस्सों में शीतलहर के साथ पाला पडऩे से फसलों को नुकसान होने का खतरा मंडराने लगा है।
गुलाबीनगर में बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही और न्यूनतम तापमान में पारा 1.7 डिग्री लुढक कर 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं दूसरी ओर सीकर के फतेहपुर कस्बे में लगातार तीसरे दिन भी न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से नीचे जमा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में शीतलहर चलने व कोहरे के साथ पाला पडऩे का अंदेशा है। पश्चिमी हिस्सों में भी कड़ाके की सर्दी का दौर फिलहाल जारी रहेगा। इसके अलावा सप्ताह के अंत तक प्रदेश में बादलों की संभावित आवाजाही से भी सर्दी के तेवर तीखे बने रहने का अनुमान है।
सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर लगे तापमापी यंत्र पर आज सुबह न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आज सुबह कस्बे में कोहरा छाया रहा। खेतों में पेड़ों पर जमी बर्फ की परत से मानों बर्फ के मोतियों जैसा अहसास कराया। राजधानी में आज सूर्योदय से पहले ही कोहरे का असर नजर आया। सांगानेर एयरपोर्ट पर आज सुबह 5.30 बजे दृश्यता दो किलोमीटर रही। एक घंटे बाद ही कोहरे के कारण दृश्यता में 1200 मीटर गिरावट दर्ज हुई। शहर में बीती रात पारा 1.7 डिग्री लुढक कर 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दौसा में कड़ाके की सर्दी
दौसा द्य सर्दी के चलते दौसा शहर में पाला पडऩे लगा है। यहां कुंडल गांव सहित कई गांवों में लगातार दो दिन से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। साथ ही कोहरे भी छाया हुआ है। जहां मंगलवार को कई जगहों पर बर्फ जम गई थी, वहीं आज कई जगहों पर पाला पड़ा।