
जयपुर
झोटवाड़ा थाना इलाके में रविवार रात मामूली बात को लेकर शराब पार्टी में फायरिंग हो गई। इसमें पीडि़त की जांघ पर गोली लगी है। वारदात के बाद आरोपी साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। थानाधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि झोटवाड़ा पुलिया के पास नेशनल किराणा स्टोर के पीछे खाली जगह पर कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे।
क्योंकि पानी की बोतल नहीं दी
पार्टी के दौरान पानी की बोतल मांगने पर नहीं देने से नाराज मोंटू का एक साथी के साथ झगड़ा हो गया। इस पर उदय बीच-बचाव करने आया तो मोंटू नाराज हो गया। कुछ ही देर बाद वह साथी मोनू के साथ बाइक पर आया और उदय पर गोली चला दी। हमले में उदय की जांघ पर गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यहां भी हुई फायरिंग की घटना
राजधानी में रविवार को ही फायरिंग की एक और वारदात हुई। खास बात यह रही कि दोनों ही मामलों में गोली पीडि़तों की जांघ पर लगी। पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे ज्योतिनगर थाना इलाके में सहकार मार्ग पर जेपी अंडरपास के पास दुपहिया मैकेनिक की दुकान करने वाले इस्लाम कुरैशी (28) पर फरीद ने देसी कट्टे से फायर कर दिया। इस्लाम कुछ समझ पाता उससे पहले गोली उसकी जांघ पर लग गई।
कई दिनों से विवाद चल रहा था
वारदात के बाद आरोपी बाइक पर साथी के साथ भाग गया। आरोपी फरीद पीडि़त इस्लाम के नजदीक ही दुकान करने वाले करीम का छोटा भाई है। पीडि़त और आरोपी पड़ोसी दोनों ही कोतवाली थाना इलाके में तेलीपाड़ा के रहने वाले हैं। उनमें कई दिनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते फरीद ने वारदात को अंजाम दिया है। पीडि़त इस्लाम को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका सोमवार को ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी।