
भीलवाड़ा/ बीकानेर।
राजस्थान की सड़कों का खून से लाल होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार से सोमवार के बीच मध्य रात्रि को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। पहला दर्दनाक हादसा भीलवाड़ा में हुआ जिसमें एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरा हादसा बीकानेर में हुआ जहां अनियंत्रित गाडी के पलटने से दो युवकों की मौत हो गई।
भीलवाड़ा: अज्ञात वाहन की चपेट में आई बाइक, तीन की मौत
ज़िले के जहाजपुर में रविवार मध्य रात्रि के दौरान हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों ही युवक बाइक पर सवार थे। जानकारी में सामने आया है कि हादसा तब हुआ जब इन युवकों की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने ज़ोरदार टक्कर मार दी।
जहाजपुर थाना प्रभारी पन्ना लाल जांगिड़ के अनुसार हादसे के मृतकों की शिनाख्त हो गई है। हादसे में अशोक रैगर निवासी जालमपुरा, राकेश रैगर निवासी शकरगढ़ और चंद्र प्रकाश रैगर निवासी शकरगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तीनों शकरगढ़ से लौट रहे थे।
हादसे की सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शव को जहाजपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर उनके परिजनों को सूचित किया। वहीं हादसे के बाद से फरार चल रहे अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
बीकानेर: अनियंत्रित गाडी पलटी, दो युवकों ने दम
बीकानेर के लूणकरणसर में रविवार देर रात एक गाडी अनियंत्रित होकर पलटी खा गई, इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चार युवकों से भरी गाडी कालू के पास सरदारशहर रोङ पर अचानक से बेकाबू हो गई और पलटी खा गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बा गया।
हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवकों को गाडी से बाहर निकाला और पीबीएम अस्पताल पहुँचाया। जानकारी के अनुआर दो युवकों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इससे पहले सभी चार घायलों को लूणकरणसर चिकित्सालय ले जाया गया था, लेकिन दो गंभीर होने पर उन्हें पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर किया गया था।
पुलिस फिलहाल हादसे का वास्तविक कारण तलाशने में लगी है। मृतकों के परिजनों को हादसे के बारे में सूचित कर दिया गया है। मृतकों के शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी पर रखवाए गए हैं।