जयपुर

जो भाजपा में गए उनको बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं मिलेगीः खाचरियावास

कांग्रेस कैंपेन कमेटी के संयोजक प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, 400 सीटें जीतने का दावा करने वाले हमारे नेताओं को क्यों ले जा रहे
2 min read
• •
Updated: 10 Apr 2024, 9:08 PM IST
jaipur_congress_1.jpg

जयपुर। प्रदेश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद से ही नेताओं का कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष सीताराम अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। सीताराम के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस कैंपेन कमेटी के कन्वीनर और जयपुर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास ने तंज कसा है कि भाजपा ज्वाइन करने वालों को बैठने के लिए कुर्सी तक भी नहीं मिलेगी।

खाचरियावास ने पीसीसी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा 400 सीटें जीतने का दावा कर रही है, अगर भाजपा इतनी ही मजबूत है तो फिर हमारे नेताओं को क्यों ले जा रहे हैं। भाजपा को अपनी हार दिख रही है, इसलिए एजेंसियों का दबाव बनाकर जनता में भ्रम फैलाने के लिए दलबदल कराया जा रहा है।

इस बार जयपुर ही नहीं बल्कि सभी 25 सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि विद्याधर नगर में कांग्रेस के पास कई मजबूत चेहरे हैं। प्रेसवार्ता में मौजूद जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष आर.आर. तिवाड़ी, पूर्व प्रत्याशी विक्रम सिंह शेखावत, गिरिराज गर्ग ने कहा, जो लोग भाजपा में शामिल हुए हैं उनमें से 70 फीसदी कांग्रेस के सदस्य भी नहीं हैं।


कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा में जाने से इनकार
इधर सीताराम अग्रवाल के साथ कई पूर्व पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों के अलावा संगठनों में विभिन्न पदों पर सक्रिय कार्यकर्ताओं के भी भाजपा ज्वाइन करने की चर्चाएं थीं, इसके लिए सीताराम अग्रवाल की तरफ से एक सूची भी भेजी गई थी, बाद में अग्रवाल के भाजपा ज्वाइन करने के बाद ये कार्यकर्ता पीसीसी मुख्यालय में प्रताप सिंह खाचरियावास की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि हमसे इस बारे में कोई बात नहीं की गई थी, हमारी जानकारी के बिना ही हमारे नाम भाजपा ज्वाइन करने वालों की सूची में डाल दिए गए, हम कांग्रेस पार्टी के साथ हैं।

Published on: