पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम (EAGLE) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल ड्रग पार्टी का भंडाफोड़ किया है। इस मामले ने राजस्थान के सियासी गलियारों में तब हलचल मचा दी, जब हिरासत में लिए गए 10 लोगों में राजस्थान के एक पूर्व विधायक (Ex-MLA) का नाम भी सामने आया।
हैदराबाद के पॉश मोइनाबाद इलाके में शनिवार रात चली 'नशीली पार्टी' में राजस्थान का एक बड़ा सियासी चेहरा बेनकाब हुआ है। तेलंगाना पुलिस की ईगल (EAGLE) टीम ने बीआरएस (BRS) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी के फार्महाउस पर छापेमारी की, जहाँ राजस्थान के एक पूर्व विधायक समेत कई रसूखदार हस्तियां ड्रग्स के साथ पकड़ी गईं। प्रारम्भिक रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के इस पूर्व विधायक के मेडिकल टेस्ट में कोकीन (Cocaine) के सेवन की पुष्टि हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के बाद सभी 10 संदिग्धों का स्थानीय सरकारी अस्पताल में एंटी-नारकोटिक्स टेस्ट करवाया गया। इसमें राजस्थान के पूर्व विधायक (नाम फिलहाल उजागर नहीं) और बीआरएस नेता रोहित रेड्डी के शरीर में कोकीन के अंश पाए गए हैं।
हालांकि, आंध्र प्रदेश के टीडीपी सांसद पुट्टा महेश यादव की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। पुलिस अब राजस्थान के इस नेता की संलिप्तता और ड्रग्स नेटवर्क के कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
यह छापेमारी किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं थी। शनिवार रात करीब 9:30 बजे जब पुलिस टीम फार्महाउस पहुँची, तो वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और खुद रोहित रेड्डी ने टीम को अंदर जाने से रोकने की कोशिश की।
फार्महाउस के अंदर की तस्वीरें और वीडियो विचलित करने वाले हैं। पुलिस ने मौके से 2 ग्राम कोकीन और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। पार्टी में राजस्थान, दिल्ली और तेलंगाना के बड़े बिल्डर्स, राजनेता और एक महिला भी मौजूद थी। पुलिस का मानना है कि यह पार्टी लंबे समय से चल रही थी और इसमें शामिल लोग देश के अलग-अलग हिस्सों से यहाँ जुटे थे।
राजस्थान के इस पूर्व विधायक (जिनका नाम सुरक्षा कारणों और जांच के चलते अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है) की मौजूदगी ने राजस्थान की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है। खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि क्या राजस्थान से और भी लोग इस सिंडिकेट से जुड़े हैं? क्या ड्रग्स की खेप राजस्थान के रास्ते यहाँ पहुँची थी?
दिलचस्प बात यह है कि यह वही फार्महाउस है जो अक्टूबर 2022 में 'विधायकों की खरीद-फरोख्त' (Poaching Case) मामले में चर्चा में आया था। उस समय रोहित रेड्डी ने खुद शिकायत की थी कि उन्हें और अन्य बीआरएस विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश की जा रही है। अब उसी जगह पर ड्रग्स पार्टी का भंडाफोड़ होना कई बड़े सवाल खड़े करता है।