जयपुर

Free Coaching: अनुप्रति योजना में मेरिट लिस्ट जारी, छात्रों को कोचिंग में रिपोर्ट करना अनिवार्य

Anuprati Scheme News: राजस्थान सरकार की अनुप्रति कोचिंग योजना में बड़ी अपडेट, फ्री कोचिंग का सुनहरा मौका: 11 मई अंतिम तारीख।
less than 1 minute read
• •
Updated: 7 May 2025, 4:19 PM IST
CM Anuprati Coaching Scheme

Anuprati Coaching Scheme: जयपुर। राजस्थान सरकार की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के अंतर्गत सत्र 2024-25 की मुख्य मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 11 मई, 2025 तक अपने निर्धारित कोचिंग संस्थानों में अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। यह जानकारी निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव बचनेश अग्रवाल ने दी।

अग्रवाल ने बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थी अपनी SSO ID के माध्यम से प्रदर्शित कोचिंग संस्थान का चयन कर सकते हैं और वहीं जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा सकते हैं। यह उपस्थिति निर्धारित अंतिम तिथि – 11 मई – तक अनिवार्य रूप से देनी होगी, अन्यथा पात्रता रद्द मानी जा सकती है।

योजना का उद्देश्य सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के मेधावी छात्रों को नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से सरकारी सेवाओं व प्रोफेशनल कोर्सेज़ की परीक्षाओं में सफल होने का समान अवसर प्रदान करना है। सत्र 2024-25 के लिए हजारों आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से दस्तावेज सत्यापन और जिला स्तर पर अनुमोदन के बाद मुख्य मेरिट सूची जारी कर दी गई है।

मुख्य मेरिट सूची एवं नवीनतम दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध हैं। योजना के अनुसार मेरिट सूची जारी होने के 10 दिनों के भीतर संबंधित कोचिंग संस्थान में उपस्थिति देना अनिवार्य प्रावधान है।

राज्य सरकार की यह पहल समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Updated on:
7 May 2025, 4:19 PM IST
Published on: