
जयपुर। अंग्रेजों से लम्बी लड़ाई जीतने के बाद 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ तब जनता की खुशी ठिकाना न रहा। जयपुर में कांग्रेस नेता टीकाराम पालीवाल ने सुबह बड़ी चौपड़ पर तिरंगा फहराया, शाम को स्वतंत्रता सेनानी बाबा हरिश्चन्द्र ने भारत माता जिंदाबाद के नारों के साथ शहर में मशाल जुलूस निकाल कर आजादी का जश्न मनाया। समाजसेवी सेठ सोहनलाल दुग्गड़ ने अपनी हवेली में दलितों के साथ भोजन किया।
भारत माता के जयकारों से गूंज उठा वातावरण
आजादी के दिन जयपुर के महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय के विदेश में होने के कारण रियासत के प्रधानमंत्री टी. कृष्णामचारी ने झंडारोहण समारोह में सपरिवार भाग लिया। टीकाराम पालीवाल ने हजारों लोगों की मौजूदगी में बड़ी चौपड़ पर तिरंगा झंडा फहराया तब वातावरण भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। समारोह में कांग्रेस नेता देवीशंकर तिवाड़ी, दौलतमल भंडारी सहित रियासत के प्रतिनिधि अमरसिंह अजयराजपुरा, कुशलसिंह गीजगढ़ मौजूद रहे।
गोविंददेवजी मंदिर में सुख-शांति की कामना के साथ हवेली में दलितों को भोजन कराया गया
झंडारोहण के बाद बड़ी चौपड़ से सभी लोग गोविंददेवजी मंदिर तक पैदल गए और देश की स्वतंत्रता बरकरार रखने, सुख-शांति की कामना की। महात्मा गांधी के दलित कल्याण कार्यक्रम से प्रभावित सेठ सोहनलाल दुग्गड़ ने आजादी की खुशी में शहर के सभी दलितों को अपनी हवेली में भोजन कराने के लिए बुलाया और उनके साथ बैठकर भोजन किया। दुग्गड़ ने हवेली के ड्राइंग रूम के सोफासेट पर दलितों को आदर से बैठाया। दलित कन्याओं को मिठाई खिलाई।
दलित महिलाओं को साड़ी के लिए 5-5 दिए रुपए
वरिष्ठ पत्रकार सीताराम झालानी ने बताया कि दुग्गड़ ने कहा था कि मेरी हवेली पर उमड़ी दलित गंगा ने मुझे व मेरे घर को पवित्र कर दिया है। दुग्गड़ ने दलित महिलाओं को साड़ी के लिए 5-5 रुपए दिए। सर्वोदय नेता रामेश्वर विधार्थी के मुताबिक सेठ दुग्गड़ ने कहा था कि आजादी के इस पवित्र दिन पर दलितों को गले लगाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
देशी घी के दीपकों से जगमगा गई शहर की हवेलियां
15 अगस्त 1947 की रात को नगर पालिका अध्यक्ष गुलाबचन्द कासलीवाल ने कई मण देशी घी के दीपकों की रोशनी से शहर की हवेलियों को जगमग कर दिया था। हुआ यों कि पालिका ने मिलावट विरोधी अभियान में कई मण घी को जब्त किया था। इस घी को नष्ट करने पर विचार चल रहा था। इसी बीच आजादी का दिन आ गया तब उन्होंने उस देशी घी से शहर में दीपक जलवा दिए।