जयपुर

Gandhi Jayanti 2024: सीएम भजनलाल ने ‘बापू’ को दी श्रद्धांजलि, बोले- ‘गांधी के सिद्धांतों पर चल रही है पूरी दुनिया’

Gandhi Jayanti 2024: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों महापुरूषों ने देश को एक नई दिशा देने का काम किया।
2 min read
• •
Updated: 2 Oct 2024, 2:50 PM IST
Feature image

Gandhi Jayanti 2024: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को शासन सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए कहा कि इन दोनों महापुरूषों ने देश को एक नई दिशा देने का काम किया।

आजादी से लेकर आज तक गांधी प्रासंगित- CM

भजनलाल शर्मा ने कहा कि गांधीजी के सत्य-अहिंसा के आदर्शों का अनुसरण करते हुए देश उनके पदचिन्हों पर चल रहा है। उनके सिद्धांतों तथा विचारों को पूरा विश्व मानता है। देश की आजादी से लेकर आज तक भी उनके सिद्धांत प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने न्याय, करूणा, प्रेम, सत्य और अहिंसा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के आदर्श ने पूरी दुनिया को नई दिशा दिखाई। उनके द्वारा जो अहिंसा का मार्ग मानव जाति को दिखाया गया, वो आज वैश्विक शांति की स्थापना के लिए अति आवश्यक है। इस दौरान भजनलाल शर्मा ने शासन सचिवालय में गांधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’, ‘रघुपति राघव राजा राम’ व ‘राम धुन’ का श्रवण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पहुंचकर महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, नगरीय विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के के विश्नोई, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, जयपुर ग्रेटर नगर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Updated on:
2 Oct 2024, 2:50 PM IST
Published on: