
जयपुर। विघ्नहर्ता और प्रथम पूज्य भगवान गणेश इस साल फिर से आऩे वाले हैं। गणेशोत्सव को अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। राजधानी के मंदिरों में भी गणेश चतुर्थी की तैयारियां जोरों से चल रही है। इस महोत्सव की शुरुआत 13 सितंबर से होने जा रही है। लोग अपने घरों में भगवान गणेश को विराजमान करते हैं और दस दिन तक बप्पा की पूजा अर्चना करने में व्यस्त रहते हैं। सुख शांति और कष्टों से निजात पाने के लिए लोग अपने घरों में बप्पा की आराधना करते हैं।
गणपति बप्पा 10 दिन तक रहेंगे विराजमान
गणेश महोत्सव को लेकर लोग घरों में भगवान गणेश की स्थापना करते हैं। इस बार गणेशोत्सव 13 सितबंर से शुरू होने जा रहा है, जो 23 सितंबर तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। भक्त अपने आराध्य गणपति बप्पा की पूजा कर उन्हें खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। दरअसल, गणेश उत्सव भाद्रपद मास की चतुर्थी से चतर्दर्शी तक यानी दस दिनों तक चलता है। कई लोग लोग गणपति को 1 दिन रखते हैं। वहीं कोई 10 दिन के लिए बप्पा को घर में विराजमान करते हैं।
यह है मान्यता
ऐसी मान्यता है कि कैलाश पर्वत से भगवान गणेश धरती लोक पर अपने भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए आते हैं। इसके चलते दस दिनों तक गणेशोत्सव की धूम मची रहती है। गणेश मंदिरों में भी दर्शनों के लिए भक्तों की काफी भीड़ लगी रहती है। इस साल गणेश उत्सव 23 सितंबर तक चलेगा। रविवार को अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश विसर्जन होगा।
जानें बप्पा की पूजा का शुभ मुहूर्त
गणपति की पूजा करने से आपकी हर मनोकामना पूरी होगी। पंडितों के अनुसार, 13 सितंबर को दोपहर 11:03 बजे से 13:30 बजे तक बप्पा की पूजा का श्रेष्ठ समय रहेगा। इस समय पूजा करने से किसी भी शुभ कार्य में कोई विघ्न पैदा नहीं होगा। बुद्धि के देवता गणेश की उपासना से कार्यों में सफलता हासिल होती रहेगी।