
जयपुर। बाॅलीवुड अभिनेता सलमान खान काे मारने की याेजना का खुलासा हुआ है। श्रीगंगानगर में हिस्ट्रीशीटर जॉर्डन की हत्या में शामिल कुख्यात अपराधी संपत नेहरा ने हरियाणा एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) काे पूछताछ में बताया कि सलमान काे उनकी बालकनी में मारने का प्लान बनाया था।
संपत नेहरा ने कबूला कि सलमान बिना सुरक्षा के अपने फैंस से मिलने बालकनी में आते थे। हमारी उनकाे वहीं निशाना बनाने की प्लानिंग थी संपत नेहरा ने बताया कि वह सलमान की हत्या के लिए 2 दिन तक मुंबर्इ में उसके घर की रेकी भी कर चुका है। इसके अलावा पूछताछ में संपत ने बताया कि जब उसकी जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से काफी दिन तक बात नहीं हो पाती और उसे रुपए की जरूरत होती तो वह विदेश से हवाला के जिरए पैसे मंगवाता था।
नेहरा ने ही अजय की हत्या की थी
एसटीएफ के डीआईजी सतीश बालन ने बताया कि संपत नेहरा रोजाना जिम जाता था। हैदराबाद में नेहरा के कमरे में रहने वाले तेलंगाना के युवकों ने बताया कि संपत नेहरा कम बोलता था। लेकिन वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता था।
नेहरा काे बुधवार को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया था। नेहरा ने ही चूरू जिले के सादुलपुर कोर्ट में जैतापुर निवासी अजय की सुपारी लेकर गोली माकर हत्या भी की थी। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में दर्जनों आपराधिक मामलों में संलिप्त संपत के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
करोड़ों रुपए की सुपारी लेकर हत्या करना मुख्य पेशा
हरियाणा एसटीएफ पुलिस टीम के आईजी सौरभ सिंह और डीआईजी सतीश बालन की अगुवाई में टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के वांछित अपराधी संपत नेहरा को गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इस गैंगस्टर ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ राज्यों में आतंक मचाया हुआ था। यह अपराधी दर्जनों हत्याओं, लूट, फिरौती, सुपारी लेकर हत्या करना और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में वांछित है। करोड़ों रुपए की सुपारी लेकर हत्या करना उसका मुख्य पेशा है।