जयपुर

गोविंददेवजी मंदिर में नारी सशक्तिकरण के लिए पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ कल

आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में मातृ शक्ति वंदन-2025 कार्यक्रम का आयोजन होगा।
less than 1 minute read
May 10, 2025
Gayatri Mahayagya
Gayatri Mahayagya

जयपुर. आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को सुबह आठ से दस बजे तक मातृ शक्ति वंदन-2025 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत देश-विदेश की उन मातृ शक्ति का पूजन-अर्चन किया जाएगा जिन्होंने अपने व्यक्त्वि-कृतित्व से समाज को एक नई दिशा दी है।

महिला टोली ही कराएगी संपन्न

महिलाओं की गौरव गरिमा के लिए प्रेरक प्रज्ञा गीतों की संगीतयम प्रस्तुतियां दीं जाएंगी। गोविंददेवजी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि इस मौके पर मातृ शक्ति को समर्पित पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ भी होगा जो कि महिला टोली ही संपन्न कराएगी। महिला सशक्तिकरण के लिए आयोजित कार्यक्रम के प्रारंभ में ठाकुर श्री राधा गोविंददेवजी, वेदमाता गायत्री, गायत्री परिवार के संस्थापक युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, भगवती देवी शर्मा का पंचोपच्चार पूजन होगा।

सैनिकों के शौर्य संवर्धन के लिए देंगे विशेेष आहुतियां

वेद मंत्रोच्चार के साथ अग्नि प्रज्जवलन कर विश्व शांति के लिए गायत्री एवं महामृत्युजंय महामंत्र से 108 आहुतियां प्रदान की जाएंगी। आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान की सीमा पर चल रहे तीनों सेनाओं के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और और सैनिकों के शौर्य संवर्धन के लिए रूद्र गायत्री महामंत्र से विशिष्ट आहुतियां भी प्रदान की जाएंगी।

गृहे-गृहे यज्ञ के लिए वितरित करेंगे हवन सामग्री

गायत्री परिवार की ओर से बुद्ध पूर्णिमा पर 12 मई को सुबह साढ़े सात बजे से ग्यारह हजार घरों में होने वाले ऑनलाइन यज्ञ के लिए निशुल्क हवन सामग्री का वितरण किया जाएगा। ऑनलाइन लिंक के लिए पंजीयन भी किया जा रहा है। यज्ञ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। तैयार हवन सामग्री के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।

Published on:
10 May 2025 03:06 pm