जयपुर

इस माह के आखिर में कभी भी हो सकता है गहलोत मंत्रिमंडल का विस्तार!

सीएम गहलोत को कांग्रेस आलाकमान की हरी झंडी का इंतजार, बसपा विधायक और निर्दलीय विधायकों होंगे मंत्रिमंडल में शामिल , बसपा से तीन विधायकों को राज्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा, तीन विधायकों को संसदीय सचिव बनाकर किया जाएगा संतुष्ट , मंत्रिमंडल में पांच और मंत्री बनाए जा सकते हैं
2 min read
• •
Updated: 18 Sep 2019, 4:09 PM IST
Feature image

फिरोज सैफी/जयपुर।

बसपा के सभी 6 विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब मंत्रिमंडल की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। बसपा के सभी 6 विधायकों को 2008 के कार्यकाल की तरह की मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस सूत्रों की माने तो बसपा के 6 में से तीन विधायकों को राज्य मंत्री और तीन विधायकों को संसदीय सचिव बनाया जा सकता है।

सत्ता के गलियारों के छन-छन कर आ रही खबरों की माने तो मंत्रिमंडल विस्तार इस माह के आखिर में कभी भी हो सकता है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इसे लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के लगातार संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का मंगलवार को दिल्ली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन ऐन वक्त में गहलोत ने दिल्ली का दौरा रद्द कर दिया।

बताया जाता है कि गहलोत बुधवार शाम दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, वरिष्ठ नेता अहमद पटेल और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे से भी मुलाकात कर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा कर सकते हैं। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायकों में से भी किसी को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकते हैं।

इसके लिए अब मुख्यमंत्री गहलोत को केवल कांग्रेस आलाकमान की हरी झंडी का ही इंतजार है। मंत्रिमंडल विस्तार शीघ्र किए जाने के पीछे तर्क ये दिया जा रहा है कि आगामी निकाय चुनावों और पंचायत चुनावों में इससे कांग्रेस पार्टी को फायदा मिलेगा।

मंत्रिमंडल में अभी 25 सदस्य
राज्य मंत्रिमंडल में अभी मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम को मिलाकर कुल 25 सदस्य हैं ऐसे में मंत्रिमंडल में पांच मंत्री और बनाए जा सकते हैं। हालांकि चर्चा ये भी है कि मुख्यमंत्री गहलोत मंत्रिमंडल में पुराने मंत्रियों के विभाग बदलने के साथ एक-दो मंत्रियों के ड्रॉप कर नए अपने विश्वस्त विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकते हैं।

बसपा से आए विधायकों की हो सकती है सोनिया गांधी से मुलाकात
कांग्रेस के विश्वस्त सूत्रों की माने तो मंत्रिमंडल विस्तार से पहले बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए सभी 6 विधायकों की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कराई जा सकती है। बता दें कि सोमवार देर रात राज्य में बसपा के सभी 6 विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने अपने विलय का पत्र विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी को भी सौंप दिया था। बसपा विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस का संख्या बल 106 हो गया है।

Updated on:
18 Sep 2019, 4:09 PM IST
Published on: