जयपुर

घूस ले ही रहे थे, कि पड़ गई ACB Raid, गिरदावर समेत तीन दलाल अरेस्ट, जानें पूरा मामला

ACB Raid: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को आंधी में गिरदावर और तीन दलालों को पांच लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 13 Jun 2023, 11:18 AM IST
Girdawar And Three Broker Arrested For Taking Five Lakh Bribe In ACB Raid In Rajasthan
रामकिशन गिरदावर, गिर्राज मीणा

जयपुर। ACB Raid: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को आंधी में गिरदावर और तीन दलालों को पांच लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरदावर रामकिशन मीणा, दलाल गिर्राज मीणा, केदार प्रसाद दर्जी और महेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपी कृषि भूमि की पत्थरगढ़ी व सीमांकन करवाने की एवज में रिश्वत मांग रहे थे।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी को इस संबंध में शिकायत मिली थी कि परिवादी से पत्थरगढ़ी व सीमांकन की करवाने के नाम पर दलाल गिर्राज मीणा व अन्य 15 लाख रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। एसीबी ने कार्रवाई करते हुए डीआईजी रवि व एडिशनल एसपी हिमांशु के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया। इसके बाद सोमवार शाम 5 बजे गिरदावर व तीनों दलालों को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी आंधी तहसीलदार के नाम से रिश्वत ले रहे थे।

एसीबी ने बताया कि आरोपी गिर्राज मीणा रिश्वत के रुपए लेने के लिए पीड़ित के घर हीरापुरा आया था। उसके साथ केदार और महेश भी थे। तीनों को हीरापुरा से गिरफ्तार किया। वहीं, गिरदावर रामकिशन मीणा को आंधी तहसील से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पीड़ित से पहले ही 3.50 लाख रुपए रिश्वत के ले लिए थे। मामले में तहसीलदार की भूमिका की जांच की जा रही है।

पहले दी थी अपहरण की सूचना :
एसीबी टीम निजी कार में गिरदावर को ले गई तो आनन-फानन में आंधी तहसीलदार ने पुलिस को अपहरण की सूचना दी। बाद में आंधी थाना पुलिस ने जानकारी ली तो एसीबी के ट्रैप का खुलासा हुआ।

Published on: