जयपुर

बलात्कारी युवक की हरकतों से परेशान जहर खाकर थाने पहुंची युवती, पुलिस को दिया सुसाइड नोट और फिर….

सेल्फोस खाकर युवती पहुंची थाने में, बेहोश होने पर थाने में मची खलबली, एक हाथ में सुसाइड नोट तो दूसरे में FIR, बलात्कारी से परेशान होकर खाया था जहर।
2 min read
• •
Updated: 30 Nov 2017, 11:58 AM IST
 Girl before reached the Police Station eat Poison and gives Suicide note

जयपुर। एक बलात्कारी युवक की हरकतों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने जहर खा लिया और मालवीय नगर थाने पहुंच गई। पूछताछ के दौरान युवती थाने में बेहोश हो गई। यह देखकर वहां पर तैनात पुलिसकर्मियों के होश फाख्ता हो गए। युवती को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया। युवती अपने एक हाथ में सुसाइड नोट तो दूसरें में परिवाद लेकर थाने पहुंची थी। परिवाद व सुसाइड नोट पढऩे के बाद पुलिस को सारा माजरा समझ में आ गया। युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। युवती ने पूछताछ में बताया कि उसने सेल्फोंस खाया है। घटना के सम्बंध में पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपित युवक फरार है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार सूरजगढ़ झुंझुनूं निवासी 22 वर्षीय युवती जयपुर में मालवीय नगर में किराए से रहकर पढ़ाई कर रही है। युवती मंगलवार को थाने पहुंची और अपनी आपबीती बताने के दौरान युवती थाने में अचानक बेहोश होकर कुर्सी से नीचे गिर गई। इस पर थाना पुलिस में खलबली मच गई और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसका उपचार जारी है।

यह है मामला-

एसआई बाबूलाल ने बताया कि युवती ने मई-जून माह में झुंझुनूं के सूरजगढ थाने में अपनी सहेली के भाई डोनी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था । कुछ समय बाद दोनों परिवारों के दबाव में आकर युवती ने समझौता कर लिया था। इसके बाद भी आरोपित युवक लगातार उसे परेशान कर रहा था। आरोपित युवक उसे फोन कर जान से मारने की धमकी देने के साथ ही अश्लील फोटो भी भेजता था। इसके अलावा आरोपित युवक युवती को उसका अश्लील विडि़यो सार्वजनिक करने की धमकी देकर मिलने के लिए दबाव बना रहा था। इसके चलते युवती तनाव में थी। इसको लेकर पीडि़ता ने अपने परिजनों के साथ सहेली को भी अवगत कराया, लेकिन आरोपित युवक द्वारा लगातार उसे परेशान किया जा रहा था। इस सारे घटनाक्रम से परेशान होकर युवती ने मंगलवार को पहले तो सुसाइड नोट लिखा और फिर परिवाद लिखने के बाद उसने सेल्फोस की गोलियां खा ली। गोलियां खाने के बाद युवती थाने पहुंची थी। पूछताछ के दौरान वह बेहोश होकर कुर्सी से गिर गई थी युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। युवती बीए की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रही है।

क्या था सुसाइड नोट में -

एसआई बाबू लाल ने बताया कि युवती ने सुसाइड नोट में लिखा था कि मेरे मम्मी-पापा बहुत अच्छे है। मैं सुसाइड करने जा रही हूं इसके लिए मैं सभी से माफी मांगती हूं। युवक ने उसे पूरी तरह से बदनाम कर दिया है एेसे में अब वह जीना नहीं चाहती। इसके अलावा युवती ने तीन पेज में परिवाद भी लिख रखा था। इसमें उसने शुरू से लेकर अब तक की सारी आपबीती लिखी है।

Published on: