Khatu Shyamji Mela : जयपुर। खाटूश्यामजी में आयोजित होने वाले देवउठनी एकादशी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल ने रींगस रेलवे स्टेशन पर खास इंतजाम किए हैं। यात्रियों को सफर और टिकट के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए रेलवे ने रींगस से जयपुर, दिल्ली और रेवाड़ी के लिए 8 स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। मंडल वाणिज्य प्रबंधक जगदीश कुमार के अनुसार, मेले के दौरान रींगस स्टेशन पर टिकट के लिए लंबी कतारें न लगें, इसके लिए रेलवे ने टिकटिंग व्यवस्था को पूरी तरह हाइटेक और विस्तारित किया है। स्टेशन पर 3 अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने के साथ ही 8 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) लगाई गई हैं। इसके अलावा, भीड़ अधिक बढ़ने पर यात्रियों को चलते-फिरते टिकट उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल यूटीएस मशीनों से लैस अतिरिक्त वाणिज्यिक स्टाफ भी तैनात किया जाएगा।