जयपुर

भीलवाड़ा: सोने-चांदी के बढ़ते भावों के बीच पुराने गहनों की खरीद-फरोख्त को लेकर बड़ी खबर, बढ़ रही टेंशन

सर्राफा बाजार में इन दिनों सोने-चांदी के बढ़ते भावों के बीच पुराने गहनों की खरीद-फरोख्त को लेकर टकराव की स्थिति सामने आ रही है।

less than 1 minute read
Jan 28, 2026
Gold-Silver-Price
फोटो: पत्रिका

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के सर्राफा बाजार में इन दिनों सोने-चांदी के बढ़ते भावों के बीच पुराने गहनों की खरीद-फरोख्त को लेकर व्यापारियों और कुछ ग्राहकों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश और टेंशन का माहौल है। जानकारी के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण कुछ लोग फायदा कमाने की नीयत से दबाव बना रहे हैं।

बाजार का खराब हो रहा माहौल

व्यापारी बताते हैं कि कई ग्राहक अपना पुराना सोना-चांदी बेचकर पैसे ले जाते हैं, लेकिन 10 से 15 दिन बाद जब भाव बढ़ जाते हैं, तो वे वापस दुकान पर आकर अपने वही गहने पुरानी कीमत पर ही वापस मांगने का दबाव बनाते हैं।

व्यापारियों ने बताया कि मना करने पर उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। इस खेल में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं, जो गिरोह बनाकर व्यापारियों को डराने-धमकाने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का भय दिखाती हैं। इससे बाजार का माहौल खराब हो रहा है।

सर्राफा बाजार के व्यापारियों ने किया विरोध प्रदर्शन

इन घटनाओं से परेशान होकर बुधवार को सर्राफा बाजार के व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक सर्राफा बाजार पूरी तरह बंद रखा गया। कारोबार बंद रखने के बाद सभी व्यापारी जुलूस के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।

व्यापारियों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। व्यापारियों का कहना है कि इन ब्लैकमेल करने वाले तत्वों पर लगाम नहीं कसी गई, तो सुरक्षित व्यापार करना कठिन हो जाएगा।

Updated on:
13 Feb 2026 05:05 pm
Published on:
28 Jan 2026 05:00 pm