Good News For Jaipur: इस महत्वपूर्ण बैठक में शहर के ड्रेनेज सिस्टम, सड़कों के चौड़ीकरण और ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
JDA Jaipur Jaipur: गुलाबी नगरी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात को सुगम बनाने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने एक बड़ा कदम उठाया है। JDA की पब्लिक वर्क्स कमेटी (PWC) की बैठक में शहर के कायाकल्प के लिए करीब 286 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रोजेक्ट्स को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में शहर के ड्रेनेज सिस्टम, सड़कों के चौड़ीकरण और ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। माना जा रहा है कि निर्माण और विकास के बाद इन इलाकों में जमीनों के दामों में भी तेजी आ सकती है।
1.सिरसी रोड का चौड़ीकरण (₹48.76 करोड़): जोन-7 के अंतर्गत सिरसी रोड पर सी-जोन बाईपास से लेकर सिरसी मोड़ तक की सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से वैशाली नगर और आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के निवासियों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।
2.सीकर रोड पर यू-टर्न (₹9.54 करोड़): सीकर रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए चौमूं पुलिया से रोड नंबर 14 के बीच एट-ग्रेड यू-टर्न बनाया जाएगा। इससे वाहन चालकों को सुरक्षित मोड़ मिलेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
3. ज्योति नगर और इमली फाटक जंक्शन सुधार (₹5.96 करोड़): सहकार मार्ग पर स्थित इमली फाटक और ज्योति नगर टी-जंक्शन के सुधार के लिए भी बजट मंजूर किया गया है। यह क्षेत्र वीआईपी मूवमेंट और भारी ट्रैफिक के लिए जाना जाता है, यहाँ जंक्शन सुधार से वाहनों का दबाव कम होगा।
बैठक में शहर की सफाई और सीवरेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। जोन-5 और 6 से STP नेवटा तक लेटरल सीवर लाइन बिछाने के लिए 95.16 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा, भांकरोटा क्षेत्र से एसटीपी तक सीवर लाइन बिछाने के लिए 42 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे पश्चिमी जयपुर के बड़े हिस्से को जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जेडीए सचिव गौरव सैनी, निदेशक आयोजना मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी देवेंद्र गुप्ता, अजय गर्ग और संजीव जैन सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। जेडीए का लक्ष्य इन प्रोजेक्ट्स को समय सीमा के भीतर पूरा कर जनता को राहत पहुँचाना है।