जयपुर

Rajasthan: क्यों रद्द नहीं हो रही SI भर्ती? डोटासरा ने किया खुलासा, किरोड़ी लाल मीणा से है कनेक्शन

SI Paper Leak Case: राजस्थान की चर्चित SI भर्ती- 2021 एक बार फिर सियासी बहस का केंद्र बनी हुई है। इस मुद्दे पर गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

2 min read
May 21, 2025
मंत्री किरोड़ी लाल मीणा और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, फोटो सोर्स- X हैंडल

SI Paper Leak Case: राजस्थान की चर्चित SI भर्ती परीक्षा 2021 एक बार फिर सियासी बहस का केंद्र बनी हुई है। अब इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने राज्य सरकार से सवाल करते हुए कहा कि डेढ़ साल से बेरोजगार युवाओं की उम्मीदें अधर में लटकी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट फैसला नहीं लिया गया।

फैसला लेने से डर रही है सरकार- डोटासरा

जयपुर पीसीसी में डोटासरा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि SI भर्ती परीक्षा पर किरोड़ी लाल मीणा कुछ और कह रहे हैं, SOG कुछ और कह रही है, मंत्रिमंडल उपसमिति का अलग मत है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलिकॉप्टर में मस्त होकर घूम रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर भर्ती रद्द होती है, तो मुख्यमंत्री की पर्ची फटेगी और अगर नहीं हुई तो किरोड़ी लाल मीणा की पर्ची फटेगी। यही कारण है कि सरकार फैसला नहीं कर पा रही।

'बेरोजगारों के साथ हो रहा अन्याय'

इस दौरान डोटासरा ने कहा कि यह मामला अब केवल भर्ती परीक्षा का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, न्याय और पारदर्शिता का है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने की कोई मंशा नहीं है, और केवल सियासी समीकरणों में उलझी हुई है। जब हमारी सरकार थी, इन्होंने हम पर खूब आरोप लगाए। अब डेढ़ साल से सरकार में होने के बावजूद भर्ती पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

कंवरलाल मीणा की सदस्यता पर उठाए सवाल

राजस्थान में भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा की सदस्यता को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। डोटासरा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद विधायक की सदस्यता को समाप्त नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जिस कानून के तहत राहुल गांधी की सदस्यता 24 घंटे में समाप्त की गई, उसी कानून में मीणा की सदस्यता क्यों नहीं गई?'

डोटासरा ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से भी सवाल पूछे और चेतावनी दी कि अगर जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।

'यह तिरंगा यात्रा नहीं, राजनीतिक पाखंड है'

भाजपा की तिरंगा यात्रा पर कटाक्ष करते हुए डोटासरा ने कहा कि राज्य में जब पानी, रोजगार और कानून व्यवस्था की चिंता है, तब भाजपा केवल प्रतीकात्मक यात्राओं में व्यस्त है। इनकी तो पंचायती ट्रंप कर गया, अब जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रहे हैं।

Published on:
21 May 2025 05:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर