
अरविन्द शक्तावत / जयपुर।राहुल गांधी के उपवास मामले में भाजपा पर देखा-देखी के आरोपों पर गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने पलटवार करते हुए कहा है कि हम क्यों उनकी देखा-देखी करेंगे। वह तो हमारे बाद पैदा हुए हैं। राज्य भर में मंत्रियों-विधायकों के विरोध पर उन्होंने यह तो कहा कि कार्यकर्ता नाराज हैं, लेकिन वहां हो रहे विरोध कार्यकर्ताओं की ओर से किया जा रहा है। इस बात को उन्होंने नकारते हुए कहा कि यह कांग्रेस प्रायोजित विरोध था।
कटारिया ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नरेन्द्र मोदी की वजह से विश्व भर में भारत का नाम ऊंचा हुआ है। प्रदेश में भी एक माह में इतने काम हुए हैं कि अब वातावरण में बदलाव आने लगा है। विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि मोदी की फिर से सरकार बनेगी, उन्होंने राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी या नहीं कौन मुख्यमंत्री होगा। इन सवालों के जवाब तो नहीं दिए, बस इतना ही कहा कि यहां सरकार बनेगी, तभी तो मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। झुंझुंनू में मुख्यमंत्री का विरोध मामले में उन्होंने कहा कि वह तो सिर्फ कर्मचारियों का विरोध था, वह नौकरी में परमानेंट होना चाहते हैं। इसलिए विरोध किया है। उपचुनावों में मिली हार पर उन्होंने माना कि कार्यकर्ता चुनाव में लगा ही नहीं। इसलिए पोलिंग परसेंट गिर गया। उन्होंने कहा कि यूपी में भी इसलिए ही चुनाव हारे। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उनका विरोध सिर्फ राजनीतिक है।
एससी-एसटी पर अत्याचार बढ़े
कटारिया ने कहा कि यह सही है कि पिछले कुछ माह में एससी-एसटी पर अत्याचार बढ़े हैं। एससी के मामलो में 27 प्रतिशत और एसटी के मामलों में 31 प्रतिशत अपराधों की बढ़ोतरी दो-तीन माह में हुई है। पुलिस इन मामलो में लगातार कार्रवाई कर रही है।