जयपुर

Raju Theth Murder पर सामने आया हनुमान बेनीवाल का बड़ा बयान

Raju Theth Murder: राजस्‍थान के सीकर में गैंगस्‍टर राजू ठेठ उर्फ राजू ठेहट की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें चार हमलावर कैद हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 3 Dec 2022, 4:59 PM IST
Feature image

Raju Theth Murder: राजस्‍थान के सीकर में गैंगस्‍टर राजू ठेठ उर्फ राजू ठेहट की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें चार हमलावर कैद हुए हैं। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने सीकर सहित उससे लगते अन्य जिलों में नाकेबंदी कर बदमाशों को पकड़ने के आदेश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। सीकर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर सहित सीकर से लगते जिलों में पुलिस की कड़ी नाकाबंदी की गई है।

इस घटना के बाद वीर तेजा सेना ने सीकर बंद का आह्वान किया है और अस्पताल की मोर्चरी के बाहर भीड़ जमा हो गई है। लोगों की भीड़ के बाजार घूमकर दुकानें बंद कराने पर बाजार में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दी। इसके मद्देनजर पुलिस ने शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

उधर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि आज सीकर में जो घटनाक्रम हुआ, उससे एक बार पुन: सरकार का तंत्र और पुलिस का इंटेलिजेंस नाकाम साबित हुआ, दिनदहाड़े सरे आम सीकर शहर के कोचिंग क्षेत्र में जहां हजारों बच्चों का आना जाना रहता है। ऐसे घटनाक्रम में बच्चों की जान भी जा सकती थी।

बेनीवाल ने कहा कि पूरे मामले में जो वीडियो फुटेज सामने आए उससे यह जाहिर है कि अपराधियों में किसी का कोई खौफ नहीं रहा, क्योंकि अपराधी अपना चेहरा दिखाते हुए और फायरिंग करते हुए बेखौफ जा रहे है उससे वो संदेश दे रहे है कि हम सरकार और पुलिस के तंत्र से बड़े हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक ने राज्य के पूरे पुलिस तंत्र को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा में लगा रखा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना वक्तव्य देना चाहिए।

Published on: