जयपुर

जयपुर-दिल्ली फ्लाइट लेट होने पर भड़के हनुमान बेनीवाल, केंद्र सरकार पर साधा निशाना; एयर इंडिया ने जताया खेद

Air India Flight Delay: जयपुर से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट लेट होने पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संस्थापक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। फ्लाइट में देरी पर एयर इंडिया ने खेद व्यक्त किया है।
2 min read
Jul 27, 2026
Hanuman Beniwal-PM Modi
हनुमान बेनीवाल-पीएम मोदी। पत्रिका फाइल फोटो

Hanuman Beniwal: जयपुर। जयपुर से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट लेट होने पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संस्थापक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। हनुमान बेनीवाल ने कहा कि देश में आए दिन उड़ान लेट होने से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। हालांकि, फ्लाइट में देरी पर एयर इंडिया ने खेद व्यक्त किया है।

बता दें कि नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल को सोमवार सुबह संसद की कार्यवाही में शामिल होने और विपक्ष के साथी सांसदों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए दिल्ली जाना था। वे समय पर जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। लेकिन, वहां पता चला की एयर इंडिया की फ्लाइट लेट हो गई है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1834 को निर्धारित समय पर सुबह 8:50 बजे उड़ान भरना था। लेकिन, फ्लाइट सुबह 10:10 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो पाई।

लाखों यात्री परेशान, फिर भी पीएम मोदी मौन: हनुमान बेनीवाल

फ्लाइट करीब 1 घंटे 20 मिनट लेट होने पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक्स पर लिखा कि सुबह 11 बजे संसद के चल रहे मानसून सत्र की कार्यवाही प्रारम्भ होने से पहले मुझे जयपुर से दिल्ली पहुंचकर विपक्ष के साथी सांसदों के साथ संसदीय कार्यवाही को लेकर विशेष चर्चा करनी थी। लेकिन एयर इंडिया की जयपुर-दिल्ली की उड़ान संख्या AI 1834 निर्धारित समय के बाद अभी दिल्ली से ही जयपुर के लिए उड़ान नहीं भर पाई। जबकि जयपुर से इसकी उड़ान का निर्धारित समय सुबह 08:50 का है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में आए दिन उड़ानों के विलंब और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भारत सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर कोई प्रभावी नियंत्रण ही नहीं बचा है। सरकार को यह समझने की आवश्यकता है कि देश की विमानन व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और यात्रियों के समय का सम्मान करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, इससे लगातार मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। एयर इंडिया की उड़ानों में अक्सर लेटलतीफी होती है, लेकिन सरकार न तो एयरइंडिया की जवाबदेही तय करती है और न ही सुधार के प्रयास करती है।

एयर इंडिया ने खेद व्यक्त किया

फ्लाइट में देरी पर एयर इंडिया ने खेद व्यक्त किया। हनुमान बेनीवाल की पोस्ट के बाद एयर इंडिया ने जवाब देते हुए एक्स पर लिखा कि प्रिय बेनीवाल, हम आपकी चिंता समझते हैं। आने वाले विमान के देर से पहुंचने के कारण फ्लाइट AI1834 में देरी हुई है। एयरपोर्ट पर हमारे साथी असुविधा को कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और उड़ान भरने की तैयारी चल रही है।

Updated on:
27 Jul 2026 11:52 am
Published on:
27 Jul 2026 11:47 am