15 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘बड़ी बेटी पर करता था शक’ जयपुर हत्याकांड में पूछताछ में आरोपी ने किए चौंकाने वाले खुलासे

Jaipur Kardhani Murder Case: जयपुर के करधनी हत्याकांड में आरोपी राहुल झा ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने पहले सिर्फ बड़ी बेटी की हत्या का प्लान बनाया था। बाद में पत्नी और दो अन्य बेटियों को भी मारने का फैसला किया।
2 min read
Google source verification
jaipur murder

जयपुर मर्डर केस: फाइल फोटो पत्रिका

Jaipur Kardhani Murder Case : जयपुर। करधनी इलाके के गोविंद वाटिका में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल झा से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, राहुल ने शुरुआत में सिर्फ अपनी बड़ी बेटी की हत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में उसने पत्नी और दो अन्य बेटियों को भी मारने का फैसला कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल अपनी बड़ी बेटी को लेकर लगातार शक करता था। वह उसकी नौकरी और रिश्तों को लेकर सवाल उठाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को लगता था कि बेटी उससे अपनी नौकरी और संबंधों को लेकर झूठ बोलती है।

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, 11 सितंबर की सुबह करीब 5.30 बजे राहुल ने अपनी बड़ी बेटी को बर्तन साफ करते देखा। उससे पूछा तो बोली कि रात को लेट हो गई थी। इसलिए अभी बर्तन साफ कर रही है। इसके बाद बड़ी बेटी सो गई थी।

सोते समय सिर पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, राहुल ने परिवार के सदस्यों पर उस समय सीमेंट के ब्लॉक से हमला किया, जब वे सो रहे थे। हत्या की वारदात सुबह करीब 7 बजे से 7.20 बजे के बीच हुई। जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसने पहले पत्नी और सबसे छोटी बेटी पर हमला किया और इसके बाद अन्य दो बेटियों को भी निशाना बनाया।

पिता को चाय पिलाकर घर से निकला

वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल करीब 8.15 बजे घर से निकल गया। पुलिस के अनुसार, घर छोड़ने से पहले उसने अपने बीमार पिता को चाय पिलाई थी। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। रविवार को उसे सीकर जिले के रींगस कस्बे से गिरफ्तार कर लिया गया।

दो दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तारी के बाद राहुल को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से मिले फोरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वारदात की पूरी टाइमलाइन से उसके बयानों का मिलान कर रही है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि राहुल ने पूछताछ में जो वजहें बताई हैं, वे वास्तव में हत्या की वजह थीं या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।