13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur : रींगस में पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा, राहुल झा ने बताई पत्नी और तीन बेटियों की हत्या की असली वजह

Jaipur : जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार राहुल कुमार झा को पुलिस ने रविवार शाम रींगस से पकड़ा। आरोपी राहुल ने पत्नी और तीन बेटियों की हत्या की वजह बताई।
2 min read
Google source verification
jaipur rahul jha revealed reason his wife and three daughters murder

Jaipur : पत्नी और बेटियों के संग आरोपी राहुल झा। फाइल फोटो पत्रिका

Jaipur : जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार राहुल कुमार झा को पुलिस ने रविवार शाम रींगस से पकड़ा। पुलिस की विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर उसका पीछा किया। रविवार शाम टीम उसके संभावित ठिकाने पर पहुंची तो राहुल करीब 10 मिनट पहले वहां से निकल चुका था। इसके बाद टीम ने पीछा कर उसे होटल के पास कपड़े से मुंह छुपाकर घूमते हुए पकड़ लिया। पुलिस देर शाम उसे जयपुर लेकर आई और पूछताछ शुरू की।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार पूछताछ में राहुल ने पत्नी गीता देवी और बेटियों नंदिनी, राधिका व गिरिशा उर्फ गोरी की हत्या की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, राहुल ने बेटियों के साथ लगातार अनबन होने की बात बताई। उसका कथिततौर पर कहना है कि बेटियां जवान हो रही थीं और उसकी बात नहीं मानती थीं। उसने यह भी बताया कि पत्नी बेटियों का पक्ष लेती थी, इसलिए उसने उसकी भी हत्या कर दी। कर्ज और अन्य कारणों को लेकर आरोपी से देर रात तक पूछताछ जारी थी। पुलिस हत्या के बाद उसकी मदद करने वालों और फरारी के दौरान उसके ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे गृहक्लेश के अलावा कोई अन्य कारण था या नहीं और इसमें कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

हत्या के बाद कपड़े बदले

जयपुर पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह चारों की हत्या के बाद राहुल ने कपड़े बदले। सुबह करीब सात बजे दूध लिया और घर में चाय बनाकर खुद पी तथा अपने पिता को भी पिलाई। इसके बाद वह घर से निकल गया। बाद में उसके खाटूश्यामजी पहुंचने की बात सामने आई। पुलिस इस तथ्य को भी जांच में शामिल कर रही है।

पश्चाताप भी नहीं दिखा

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान राहुल के व्यवहार में वारदात को लेकर पश्चाताप के स्पष्ट संकेत नजर नहीं आए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।