राजधानी जयपुर में हरियालो राजस्थान के तहत 2.10 लाख पौधे लगाने का दावा झूठा निकला। वन विभाग ने महज 68 हजार पौधे लगाए। वहीं, ग्रेटर नगर निगम ने दावा किया कि वह डेढ़ लाख पौधे लगाया है, लेकिन एप पर 1.06 लाख ही दर्ज है।
Jaipur News: जयपुर हैरिटेज नगर निगम की उद्यान शाखा ने राजस्थान सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान में वाहवाही लूटने का काम किया है। निगम की ओर से अभियान के तहत एक दिन में 2.10 लाख पौधे लगाने का दावा किया गया, जब इस दावे की पड़ताल की गई तो चौंकाने वाले परिणाम सामने आए।
वन विभाग ने महज 68 हजार पौधे देने की ही पुष्टि की है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब पौधे वन विभाग की नर्सरियों से लिए ही नहीं गए तो फिर दो लाख का आंकड़ा हैरिटेज निगम ने कैसे पार कर लिया?
-27 जुलाई को राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत हैरिटेज नगर निगम ने पौधरोपण किया। शाम को निगम की ओर से दावा किया गया कि 2.10 लाख पौधे लगा दिए हैं।
-28 जुलाई को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए उद्यान शाखा से लेकर निगम के अधिक अधिकारियों को समानित भी किया गया। इसके लिए निगम मुख्यालय में कार्यक्रम भी हुआ।
ग्रेटर नगर निगम ने भी 27 जुलाई को डेढ़ लाख पौधे लगाने का दावा किया था, लेकिन पोर्टल पर 1.06 लाख पौधे ही दर्ज हुए। हालांकि, ग्रेटर नगर निगम ने 1.88 लाख पौधे वन विभाग से खरीदे थे।
उद्यान शाखा के अधिकारियों का कहना है कि 26 जुलाई को बिना किसी सूचना के एप में अपडेट किया गया और ग्रेटर निगम अलग कर दिया। जबकि, ट्रेनिंग एलएसजी का चयन कर जियो टैगिंग करनी थी। शुरुआत के कुछ घंटों तक गफलत रही।
वहीं, ग्रेटर नगर निगम ने ग्रामीण इलाकों की नर्सरियों से 41167 और आवासन मंडल ने 12610 पौधे खरीदे हैं। जेडीए ने वन विभाग से अभियान के दौरान कोई पौधा नहीं खरीदा। अभियान के दौरान दो लाख से अधिक पौधे लगाए हैं। सभी की जियो टैगिंग भी की है। सभी पौधे वन विभाग से खरीदे हैं।
-मोनिका सोनी, उपायुक्त उद्यान शाखा