जयपुर

राजस्थान में मानसून के पहले चरण में मूसलाधार बारिश के संकेत, 15 से 20 जून तक हो सकती है धमाकेदार एंट्री

दक्षिण-पश्चिम मानूसन की वर्तमान रफ्तार को देखते हुए संभावना है कि जयपुर में यह 25 या 26 जून को दस्तक देगा...
3 min read
Jun 08, 2018
rain

जयपुर। राजस्थान में बीते चौबीस घंटे में बदले मौसम ने आसमान से बरसते अंगारों से बड़ी राहत दिलाई है। अब मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानि इस सप्ताह के शेष दिनों में आसमान से बरस रहे शोलों से राहत मिलने की संभावना जता दी है। माना जा रहा है कि अगले तीन दिन प्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों में हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे में मानसून महाराष्ट्र पहुंच सकता है। अगले 2 दिन में तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अभी मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। गुरुवार को कोलाबा, विले पार्ले, लोअर परेल और सांताक्रूज इलाके समेत कई जगह बारिश हुई। बारिश के चलते लंदन से आ रही जेट एयरवेज की एक फ्लाइट को अहमदाबाद डाइवर्ट करना पड़ा है। दो अन्य उड़ानें भी डायवर्ट की हैं। बीएमसी ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

राजस्थान में मानसून 15 से 20 जून तक संभव
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून की दस्तक 15 से 20 जून तक संभावित है। दक्षिण-पश्चिम मानूसन की वर्तमान रफ्तार को देखते हुए संभावना है कि जयपुर में यह 25 या 26 जून को दस्तक देगा।

जुलाई के दूसरे सप्ताह में पूरे प्रदेश में झमाझम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में कोटा, बांसवाड़ा, उदयपुर के रास्ते दक्षिण पश्चिमी मानसून जून के अंतिम सप्ताह में प्रवेश करता है और अगले सप्ताहभर में पूरे प्रदेशभर में मानसूनी बादलों का डेरा जम जाता है। वहीं इस बार 15 से 20 जून तक संभावित है और जयपुर में यह 25 या 26 जून को दस्तक देगा। इस बार मानसूनी बारिश का दौर अच्छे रहने की उम्मीद है।

हवा में नमी घटने से प्री मानसून हुआ सुस्त
मौसम विभाग के सूत्रों की मानें तो प्रदेश में इस बार भीषण गर्मी का दौर लंबा खिंचने के कारण हवा में नमी घट गई है जिसके कारण से दस जून के आस पास शुरू होने वाला मानसून पूर्व बारिश का दौर इस बार कमजोर रहने का अंदेशा है।

जयपुर में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बौछारें
प्रदेश में गुरुवार को कई जगहों पर मौसम ने पलटा खाया। दोपहर के बाद धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। उधर, कई जिलों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। राजधानी जयपुर में गुरुवार को सुबह से ही असमान में हल्की धूल छाई रही जिससे सूयदेव की तपिश में कुछ कमी नजर आई। शाम होते होते धूलभरी तेज आंधी चलने लगी और कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई।

लूणकरनसर में एक घंटे तक बारिश
लूणकरनसर क्षेत्र में आंधी के बाद करीब एक घंटे तक बारिश हुई। इससे जहां एक तरफ लोगों को आसमान में छाए धूल के गुब्बार से मुक्ति मिली वहीं गर्मी से भी राहत मिली। बारिश शाम करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुई जो करीब एक घंटा चली। इससे पहले आए अंधड़ से लूणकरनसर क्षेत्र में कई जगह पेड़ उखड़ गए और विद्युत तार टूट कर गिर गए।

तेज हवा के साथ कच्चे घरों के टीन टप्पर उड़े
पनवाड़ कस्बे सहित क्षेत्र के कई गांवों में शाम सवा चार बजे करीब तेज हवा के साथ पन्द्रह मिनट तक बारिश हुई। तेज आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए। लोगों के कच्चे घरों के टीन टप्पर उडकर दूर जा गिरे। कोटा खानपुर मार्ग के गुलमोहर चौराहा व चलेट रोड पर पेड़ टूटकर गिर गए। लोगों ने मशकत कर रास्ता बहाल किया।

श्रीमाधोपुर में अच्छी बारिश
शेखावाटी में मौसम कई रंग दिखा रहा है। चूरू जहां सबसे ज्यादा तप रहा है, वहीं कई इलाकों में अच्छी बारिश भी हो रही है। सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके के बाद अब श्रीमाधोपुर भी तर हो गया। श्रीमाधोपुर में अच्छी बारिश हुई है। इससे भट्टी की तरह तप रहे क्षेत्र को राहत मिली है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।

Updated on:
08 Jun 2018 07:54 am
Published on:
08 Jun 2018 02:57 am