जयपुर

बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट पर आलाकमान ने जनहित में लिया फैसलाः डोटासरा

पीसीसी चीफ डोटासरा ने मोदी गारंटी को जुमलेबाजी करार दिया
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2024, 8:15 PM IST
dotasara.jpg

जयपुर। डूंगरपुर-बांसवाड़ा सीट पर नाम वापसी से एक दिन पहले रविवार रात भारतीय आदिवासी पार्टी(बीएपी) को समर्थन देने को लेकर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इस सीट पर पार्टी आलाकमान ने जनहित में बहुत सोच-समझकर फैसला लिया है।

डोटासरा ने सोमवार को पीसीसी में मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हमने इंडी गठबंधन के तहत सभी पार्टियों को जोड़कर लड़ाई शुरू की है। बांसवाड़ा-डूंगरपुर में भी गठबंधन के सामूहिक प्रयासों से ये सीट हम जीतेंगे। प्रदेश की तीन सीटों पर गठबंधन किया है।

बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए छोटे-मोटे स्वाद छोड़ने पड़ते हैं,इसलिए हमने समान विचारधारा वालों को गठबंधन में साथ लिया है। डोटासरा ने कहा कि हनुमान बेनीवाल भी भाजपा विचारधारा के विरोधी हैं और किसानों के हक की लड़ाई के लिए हमारे साथ आना चाह रहे थे तो हम साथ क्यों नहीं लेंगे।


मोदी गारंटी काठ की हांडी जैसी
डोटासरा ने मोदी गारंटी को जुमलेबाजी करार देते हुए कहा कि हमारी और मोदी की गारंटी में फर्क है। हमने यूपीए सरकार में फ़ूड सिक्योरिटी एक्ट, नरेगा, आरटीआई गारंटी जैसे कानून बनाए और लागू किए। इनकी गारंटी जुमला साबित हुई है। किसानों को एमएसपी पर दी गारंटी फेल हो गई। हमने तेलंगाना,कर्नाटक में जो गारंटी दी वो पूरी करके दिखाई।

हिमाचल में ओपीएस की गारंटी,अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की गारंटी पूरी कर दी। राजस्थान की गहलोत सरकार ने 10 गारंटी दी थी वो 10 गारंटी हमने पूरी की। सिलेण्डर दाम, नरेगा और शहरी रोजगार गारंटी, कामधेनु पशुधन योजना, चिरंजीवी, इंदिरा गांधी स्मार्ट फोन योजना की गारंटी को हमने पहले ही पूरा कर दिया था। इसलिए हमारे कांग्रेस का वचनपत्र की गारंटी पर लोगों को भरोसा है। मोदी तो झूठे भाषण देकर चले जाते हैं लेकिन वादे पूरा नहीं कर पाते। डोटासरा ने कहा कि मोदी की गारंटी काठ की हांडी जैसी है, जो बार बार नहीं चढ़ेगी।

वीडियो देखेंः- जयपुर में कांग्रेस की चुनावी घोषणा पत्र रैली,खरगे,सोनिया और प्रियंका ने साधा मोदी सरकार पर निशाना

Published on: